महेंद्र सिंह धोनी सिर्फ एक नाम ही नहीं बल्कि करोड़ों दिलों की धड़कन हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके 41 साल के एम एस धोनी ने एक बार फिर अपनी टीम चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल का चैंपियन बना दिया है। इंडियन प्रीमियर लीग के इस पूरे सीज़न महेंद्र सिंह धोनी के रिटायरमेंट के बारे में तरह-तरह की बातें हुईं। किसी ने कहा कि धोनी आख़िरी बार आईपीएल खेल रहे हैं तो किसी ने कहा कि माही आगे भी खेलते हुए नज़र आएंगे। ट्रॉफी जीतने के बाद एम एस धोनी ने ख़ुद इस बात का जवाब दे दिया है।
खेल सकते हैं अगला सीज़न
इस आईपीएल सीज़न की शुरुआत से महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास लेने को लेकर काफी चर्चाएं हो रही थीं। माही के रिटायरमेंट पर कई क्रिकेट विशेषज्ञों और पूर्व क्रिकेटरों ने अपनी-अपनी बात कही थी और साथ में कई सुझाव भी दिए थे। हाल ही में कपिलदेव का एक बयान आया था जिसमें उन्होंने कहा था कि धोनी को अब संन्यास का ऐलान कर देना चाहिए।
इससे पहले भी सुरेश रैना और मोहम्मद कैफ़ जैसे क्रिकेटरों ने माही के संन्यास के बारे में बयान दिए थे। ज़्यादातर लोगों का यही कहना था कि इस सीज़न के बाद धोनी क्रिकेट खेलते हुए नज़र नहीं आने वाले हैं। इसी बीच माही ने ख़ुद अपनी रिटायरमेंट के बारे में बड़ा बयान दिया है।
उन्होंने कहा कि अगर परिस्थितियों के हिसाब से सोचा जाए तो उनके लिए रिटायरमेंट लेने का यह बिल्कुल सही वक़्त है। चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आगे कहा कि उनके लिए यह कहना बहुत आसान है कि वह विदा ले लें, लेकिन अगले 9 महीने मेहनत करने के बाद एक और सीज़न खेलना ज़्यादा मुश्किल है। उन्होंने कहा कि वापसी करके वह जितना खेल सकते हैं वह खेलेंगे। धोनी ने उनका समर्थन करने के लिए फैंस का भी शुक्रिया अदा किया। माही के इस बयान के बाद उनके अगले आईपीएल सीज़न में भी खेलने की पूरी उम्मीद की जा रही है।