वनडे विश्व कप 2023 का आगाज़ 5 अक्टूबर से भारत में होने जा रहा है। पहला मुकाबला गत विजेता इंग्लैंड और उपविजेता न्यूजीलैंड की टीमों के बीच खेला जाना है। न्यूजीलैंड की टीम ने विश्व कप 2023 के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है।
बड़ी खबर यह है कि केन विलियमसन न्यूजीलैंड की टीम में वापस शामिल हो गए हैं और विश्व कप 2023 में वही अपनी टीम के कप्तान भी होंगे। न्यूज़ीलैंड की टीम में 2 ऐसे खिलाड़ी विश्व कप 2023 की टीम में शामिल किए गए हैं जिनका गहरा रिश्ता भारत से है, लेकिन अब वह वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के विरूद्ध ही ताल ठोकते हुए दिखाई देंगे।
ईश सोढ़ी
न्यूजीलैंड की टीम में खुद को स्थापित कर चुके दाएं हाथ के फिरकी गेंदबाज ईश सोढ़ी का जन्म 31 अक्टूबर के दिन साल 1992 को पंजाब के लुधियाना में हुआ था। साल 1996 में वह न्यूजीलैंड चले गए थे। इस टीम के लिए उन्होंने साल 2013 में अपना डेब्यू किया था। अब तक अपने करियर में ईश सोढ़ी 19 टेस्ट, 46 वनडे और 102 टी 20 मुकाबले खेल चुके हैं। टेस्ट मैच में 54, वनडे फॉर्मेट में 55 और टी 20 प्रारूप में उन्होंने 126 विकेट अपने नाम किए हैं।
रचिन रवींद्र
कीवी टीम के विश्व कप स्क्वाड में 23 साल के बाएं हाथ के स्पिनर रचिन रविंद्र को भी शामिल किया गया है। रचिन का नाता भी भारत से है। वह भारत के कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से ताल्लुक रखते हैं, लेकिन रचिन के पिता एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर न्यूजीलैंड में सेटल्ड हैं। रचिन का जन्म न्यूजीलैंड के वेलिंगटन शहर में 18 नवंबर 1999 को हुआ था।