नई दिल्लीः भारत के कई हिस्सों में इन दिनों मौसम का मिजाज तेजी से रंग बदलता जा रहा है, जिससे जगह-जगह बारिश का दौर देखने को मिल रहा है। बारिश ने लोगों का जीना हराम कर दिया है, जिससे तापमान में लगातार गिरावट का दौर जारी है। बारिश का आलम यह है कि कई हिस्सों में नदी, नालें और तालाब उफान पर होने से बाढ़ के हालात बने हुए हैं, जिससे हर कोई परेशान होता दिख रहा है।
पश्चिमी यूपी सहित उत्तर भारत के तमाम इलाकों में आज सुबह से ही सूर्य की लुकाछिपी का दौर जारी है, जिससे तापमान में भी इजाफा देखने को मिल रहा है। पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश ने एक बार फिर जीना मुहाल कर दिया है। दक्षिण भारत के कई इलाकों में बारिश होने से तापमान गिर गया, जिससे उमसभरी गर्मी से राहत मिली। इस बीच भारतीय मौसम विभाग(आईएमडी) ने देश के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी कर दी गई है।
यहां कैसा रहेगा मौसम का हाल
आईएमडी के मुताबिक, देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मौसम का मिजाज काफी बदल सकता है। शहर में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 30 डिग्री दर्ज किए जाने की संभावना है। इसके साथ ही लखनऊ में आज गरज के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद जताई गई है।
दिल्ली से सटे गाजियाबाद की बात करें तो आज यहां न्यूनतम तापमान 25 और अधिकतम तापमान 33 डिग्री रहने की उम्मीद है। गाजियाबाद में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। इसके अलावा पश्चिमी यूपी और उत्तराखंड के तमाम इलाकों में बादल छाए रहने की संभावना बनी हुई है।
इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश
आईएमडी के अनुसार, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पूर्वी मध्य प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तटीय कर्नाटक और केरल में बिजली की चमक और गरज के साथ झमाझम बारिश होने की संभावना है। वहीं, दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप और तेलंगाना में तेज बारिश होने की उम्मीद जताई गई है।
इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत, पूर्वोत्तर राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और सिक्किम में हल्की से तेज बारिश होने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान, बिहार, झारखंड, आंतरिक कर्नाटक और रायलसीमा में झमाझम बारिश होने की संभावना है।