IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग में खराब प्रदर्शन करने वाली टीमों के खिलाड़ियों पर अब इसका प्रभाव देखने को मिलने लगा है. लखनऊ सुपर जायंट्स ने बड़ा फैसला लेते हुए ऋषभ पंत को कप्तानी से हटा दिया है. फ्रेंचाइजी की छओर से आधिकारिक बयान जारी कर बताया गया कि पंत ने खुद ही कप्तानी छोड़ने की इच्छा जाहिर की थी.
इसके बाद टीम मैनेजमेंट ने उनके फैसले का तत्काल स्वीकार करते हुए उन्हें इस जिम्मेदारी से बरी कर दिया. लखनऊ सुपर जायंट्स के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी ने इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा- ऋषभ ने खुद फ्रेंचाइजी से यह अनुरोध किया था और हमने उनके फैसले का सम्मान करते हुए इसे स्वीकार कर लिया. इसके आगे उन्होंने कहा कि ऐसे फैसले आसान नहीं होते हैं. कप्तान के रूप में ऋषभ पंत ने ड्रेसिंग रूम में जो योगदान दिया, उसके लिए हम उनके आभारी हैं.
उम्मीद के मुताबिक नहीं दिला सके सफलता
तूफानी बल्लेबाज और लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए कप्तानी करने वाले ऋषभ पंत टीम को उम्मीदों के मुताबिक सफलता नहीं दिला सके. यही वजह रही कि उनकी कप्तानी को लेकर सवाल उठने लगे थे. अब फ्रेंचाइज़ी ने नए दौर की शुरुआत के संकेत दे दिए हैं.
माना जा रहा है अब LSG के मालिक संजीव गोयनका टीम मैनेजमेंट के साथ मिलकर अगले साल की प्लानिंग तय करेंगे, साथ ही देखेंगे कि नया कप्तान कौन होगा. एलएसजी को जल्द नया कप्तान खोजना होगा, जिसके लिए बड़ा फैसला लिया जा सकता है.
कितनी कीमत में शामिल हुए थे पंत
लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम ने उन्हें साल 2024 के मेगा ऑक्शन में सबसे अधिक बोली लगाकर खरीदा था. उन्हें लगभग 27 करोड़ रुपये से ज्यादा की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया और फिर कप्तान की जिम्मेदारी सौंपी थी.
पंत की कप्तानी में लखनऊ का प्रदर्शन काफी खराब रहा. इस सीजन में लखनऊ की टीम 10वें नंबर पर रही, वहीं 2025 में सातवें नंबर पर रही थी. यानी साफ है कि दोनों ही बार लखनऊ का प्रदर्शन आईपीएल में शानदार नहीं रहा.
बतौर कप्तान उनका प्रदर्शन
जानकारी के लिए बता दें कि ऋषभ पंत कप्तान के रूप में लखनऊ को कोई खास उपलब्धि नहीं दिला सके. उन्होंने 2025 और 2026 के कुल 28 मैचों में कप्तानी की थी, जिनमें 10 बार टीम जीती और 18 बार हारी थी. यानी इस मोर्चे पर भी पंत फेल रहे थे.