आम तौर पर सिर्फ आम आदमी ही नहीं बल्कि सफलता हासिल करने के लिए क्रिकेट खिलाड़ियों को भी टोटका करते हुए देखा गया है। हर क्रिकेट खिलाड़ी का इस बारे में अलग मानना है। जैसे क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर बल्लेबाज़ी करने से पहले हमेशा अपने बाएं पैर पर पहले पैड पहनते थे। स्टीव वॉ मैदान पर उतरने से पहले पॉकेट में लाल रुमाल रखते थे। इसी बीच पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने महेंद्र सिंह धोनी के टोटकों का बड़ा खुलासा किया है।
करते थे ये टोटके
दरअसल, साल 2011 के विश्व कप में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत की टीम ने श्रीलंका को करारी शिकस्त देते हुए विश्व कप की ट्रॉफी पर अपना कब्ज़ा जमाया था। इसी को लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने बड़ा खुलासा किया है। वीरेंद्र सहवाग ने बताया कि इस पूरे विश्व कप के दौरान एम एस धोनी कुछ ख़ास कमाल नहीं दिखा पा रहे थे, जिसके बाद उन्होंने टोटके का सहारा लिया था।
भारत के पूर्व विस्फोटक सलामी बल्लेबाज़ वीरेंद्र सहवाग ने कहा कि हर किसी का अपना टोटका था, जिसे हर कोई अपने तरीक़े से अपनाता था। एम एस धोनी के बारे में सहवाग ने बताया कि उस पूरे टूर्नामेंट के दौरान उन्होंने खिचड़ी खाना जारी रखा था। धोनी का इसपर मानना था कि भले ही उस विश्व कप में वह रन नहीं बना पा रहे हैं, लेकिन इस टोटके की वजह से टीम इंडिया मैच जीतने में कामयाब हो रही है।
विश्व कप 2011 के खिताबी मुकाबले में टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने मुश्किल परिस्थितियों में शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 28 साल बाद भारत को विश्व विजेता बनाया था। इस निर्णायक मुकाबले में धोनी ने टीम की ज़िम्मेदारी अपने कंधों पर लेते हुए अपने आप को बैटिंग ऑर्डर में प्रमोट किया था। साथ ही साथ, श्रीलंका के खिलाफ खेले गए उस पूरे मैच में धोनी ने बेहतरीन कप्तानी का मुज़ाहिरा पेश किया था।