एशिया कप 2023 का पहला मुकाबला पाकिस्तान और नेपाल की टीमों के बीच 30 अगस्त को खेला जाएगा। भारतीय टीम का पहला मुकाबला 2 सितंबर को पाकिस्तान के साथ है। टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा इस टूर्नामेंट में महेंद्र सिंह धोनी का सालों पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त सकते हैं। रोहित शर्मा एशिया कप में कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं।
तोड़ सकते हैं रिकॉर्ड
एशिया कप में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड पूर्व भारतीय कप्तान एम एस धोनी के नाम दर्ज है। धोनी ने 621 रन अपने नाम किए हैं। अर्जुन राणातुंगा दूसरे नंबर पर मौजूद हैं। रणतुंगा ने 594 रन बनाए हैं। वहीं टीम इंडिया के मौजूदा कप्तान रोहित शर्मा तीसरे नंबर पर हैं। रोहित ने अब तक 450 रन बनाए हैं। उनके पास इस बार धोनी और अर्जुन के रिकॉर्ड को तोड़ने का सुनहरा मौका है। सौरव गांगुली इस लिस्ट में चौथे स्थान पर हैं। गांगुली ने 400 रन अपने नाम किए हैं।
अगर ओवर ऑल लिस्ट पर गौर करें तो एशिया कप के वनडे फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन श्रीलंकाई दिग्गज बल्लेबाज़ सनथ जयसूर्या ने बनाए हैं। जयसूर्या ने एशिया कप के वनडे प्रारूप में 1220 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 6 शतक और 3 अर्धशतक जड़े हैं। वहीं कुमार संगकारा दूसरे नंबर पर मौजूद हैं।
कुमार संगकारा ने एशिया कप के इस प्रारूप में 1075 रन बनाए हैं। इस मामले में क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर तीसरे स्थान पर आते हैं। हालांकि, वह भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में शीर्ष पर हैं। सचिन तेंदुलकर ने 971 रन बनाने के साथ-साथ 2 शतक और 7 अर्धशतक अपने नाम किए हैं। रोहित शर्मा मौजूदा खिलाड़ियों की लिस्ट में शीर्ष पर काबिज़ हैं। रोहित ने 22 मैच खेलते हुए 745 रन बनाए हैं। इस टूर्नामेंट में वह अब तक एक शतक और 6 अर्धशतक लगा चुके हैं।