नई दिल्लीः भारत में दो महीने बाद आईपीएल 17वें सीजन का आगाज होने जा रहा है, जिसे लेकर सभी टीमों के साथ-साथ खिलाड़ियों की नजरे भी अभी से लगी हैं। आईपीएल ऑक्शन 2024 में खिलाड़ियों की नीलामी भी 19 दिसंबर को हुई, जिसमें जमकर पैसा बारिश हुई है।
ऑस्ट्रेलिया के तूफानी खिलाड़ी गेंदबाज मिचेल स्टार्क तो इतने महंगे बिके की आईपीएल के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। इस बार आईपीएल से पहले सबसे ज्यादा चर्चा मुंबई इंडियंस के उस फैसले की हो रही है जिसमें रोहित शर्मा को अचानक कप्तानी से हटा दिया गया।
मु्ंबई इंडियंस ने अपना अगला कप्तान हार्दिक पांड्या को नियुक्त कर दिया। दूसरी ओर हार्दिक पांड्या का आईपीएल सीजन में खेलना संभव नहीं माना जा रहा है, क्योंकि वे चोटिल हैं। अब सवाल उठ रहा है हार्दिक पांड्या टीम में शामिल नहीं होते हैं तो फिर अगला कप्तान कौन होगा, यह सबसे बड़ा सवाल बना हुआ है।
गुजरात से ट्रेड किए गए हार्दिक पांड्या
मुंबई इंडियंस ने आईपीएल के 17वें सीजन के लिए हार्दिक पांड्या को गुजरात टाइटंस से ट्रेड कर लिया, जिसके बाद उन्हें टीम का कप्तान भी बनाया गया है। रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाने के बाद मुंबई ने हार्दिक पांड्या को टीम की कमान सौंप दी, जिसके बाद फैंस में काफी निराशा छा गई।
सोशल मीडिया पर मुंबई इंडियंस को काफी आलोचनाएं झेलनी पड़ी। इंस्टाग्राम और एक्स पर फॉलोअर्स की संख्या में काफी गिरावट दर्ज की गई। दूसरी ओर अब माना जा रहा है कि हार्दिक पांड्या काफी दिनों से चोटिल चल रहे हैं, जिसके चलते टीम इंडिया में भी उनकी वापसी नहीं हो पा रही है।
अगर पांड्या आईपीएल तक फिट नहीं हुए तो फिर वे मुंबई में शायद ही खेल पाएंगे। अगर ऐसा हुआ तो फिर टीम का कप्तान कौन होगा। क्या रोहित शर्मा को टीम कप्तानी सौंपेगी, ऐसे कई सवाल हवा में तैर रहे हैं।
क्या रोहित शर्मा थामेंगे कमान
अगर हार्दिक पांड्या चोट के चलते आईपीएल नहीं खेल पाते हैं तो मुंबई इंडियंस का कप्तान रोहित शर्मा को फिर से बनाया जा सकता है। क्या ऐसी स्थिति में रोहित शर्मा टीम की कप्तानी लेना स्वीकार करेंगे, ऐसे कई सवाल हैं।
वैसे क्रिकेट के कई एक्सपर्ट्स के अनुसार, माना जा रहा है कि रोहित शर्मा शायद ही मुंबई इंडियंस के इस फैसले को स्वीकार करेंगे। ऐसी स्थिति में टीम की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथ में भी जा सकती है। अभी आधिकारिक तौर पर किसी ने कुछ नहीं कहा है, लेकिन मीडिया की खबरों में ऐसी बातें कही जा रही हैं।