भारत की सरज़मीं पर खेले जाने वाले विश्व कप 2023 से पहले इंग्लैंड की टीम को बेन स्टोक्स के रूप में बहुत बड़ी राहत मिली है। बेन स्टोक्स ने वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए वनडे संन्यास को वापस करने का निर्णय लिया है। स्टोक्स का यह मूव इंग्लिश टीम के लिए आने वाले विश्व कप में काफी कारगर साबित हो सकता है। स्टोक्स ने विश्व कप 2019 में इंग्लैंड की टीम को चैंपियन बनाने में काफी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
बेन स्टोक्स का दबदबा
बेन स्टोक्स इंग्लैंड की टीम के लिए विश्व कप 2019 की शुरुआत से लेकर अंतिम मुकाबले तक एक उम्दा खिलाड़ी रहे थे। फाइनल मुकाबले में उन्होंने न्यूज़ीलैंड की टीम के खिलाफ नाबाद रहते हुए इंग्लैंड की तरफ से सबसे बड़ी 84 रनों की पारी खेली थी और अपनी टीम के लिए जीत का रास्ता साफ़ कर दिया था।
स्टोक्स की इस पारी में 5 बेहतरीन चौके और 2 लाजवाब छक्के शामिल रहे थे। इसके अलावा वह पूरे टूर्नामेंट में बेहद ही शानदार लय में नज़र आए थे। स्टोक्स ने उस टूर्नामेंट में गेंद और बल्ले दोनों के साथ ही कमाल का प्रदर्शन किया था, जिसके बाद हर तरफ स्टोक्स के नाम का ज़िक्र हो रहा था।
विश्व कप 2019 में बेन स्टोक्स ने 11 मुकाबलों की 10 पारियों में शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 66.43 की बेहतरीन औसत के साथ 465 रन अपने नाम किए थे। इस दौरान बेन स्टोक्स ने 5 बार 50 से ज़्यादा का स्कोर खड़ा किया था। वहीं इंग्लिश टीम के स्टार औलराउंडर बेन स्टोक्स ने टूर्नामेंट में 38 चौके और 11 ताबड़तोड़ छक्के जड़े थे। इसके अलावा बेन स्टोक्स ने गेंदबाज़ी में मात्र 4.84 की इकॉनमी से रन खर्च करते हुए 7 विकेट हासिल किए थे। ऐसे में बेन स्टोक्स का इंग्लैंड की टीम में वनडे विश्व कप 2023 से ठीक पहले वापसी करना विरोधी टीमों के लिए खतरे की घंटी है।