नई दिल्ली: अमूमन हर कोई अपने दिन की शुरुआत चाय के एक कप के साथ करता है। सभी को अलग-अलग तरह की चाय पसंद होती हैं। यानी लोगों को अलग-अलग तरह के ब्रांड की चाय पसंद होती है और उनका बजट भी अलग होता है। पर आज हम आपको कुछ 5 जबरदस्त चाय के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनकी कीमत के बारे सुनकर आपके होश उड़ जाएंगे। यानी ये 5 चाय सबसे महंगी चाय हैं। कुछ चाय की पत्ती तो इतनी महंगी हैं कि 1 किलो चाय के दाम में 1-1 करोड़ नौ लग्जरी फ्लैट खरीद लें।
दुनियाभर में मौजूद हैं चाय के शौकीन
देखा जाए तो दुनियाभर में चाय पीने वाले शौक़ीन की कमी नहीं है। यह एक पेय पदार्थ नहीं है बल्कि एक बूस्टर (Booster) की तरह माना जाता है। चाय से शरीर को फुर्ती मिलती है। दुनियाभर में भारत से लेकर जापान तक, चीन से लेकर तुर्की तक हर कोई चाय की चुस्की का शौक़ीन है। बता दें कि चाय के ऐसे ब्रांड हैं जो खासतौर पर तैयार किए जाते हैं। इनकी खेती करने में काफी सावधानी बरती जाती है। जब ये चाय बाजार में आती हैं तो इनकी कीमत इतनी ज्यादा होती है कि हर कोई इन्हें खरीद नहीं सकता।
Da-Hong Pao Tea
दुनिया की सबसे महंगी चाय की बात करें तो इसकी पैदावार चीन में होती है। इस चाय को दा-होंग-पाओ-टी (Da-Hong Pao Tea) नाम से जानते हैं। यह चाय चीन के फुजियान प्रांत के वुई पहाड़ों में उगाई जाती है और दुनिया की सबसे महंगी है। यह इतनी दुर्लभ है कि इसे राष्ट्रीय खजाना तक घोषित किया जा चुका है। इस चाय की कीमत 1.2 मिलियन डॉलर प्रति किलोग्राम है। यानी 9 करोड़ रुपये से ज्यादा है। इस चाय ने साल 2005 में नीलामी का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। इसमें करीब 20 ग्राम दा-हांग पाओ चाय लगभग 30,000 डॉलर में बेची गई थी। बता दें कि इस चाय का इतिहास चीन के मिग राजवंश से जुड़ा हुआ है।
Panda Dung Tea
दुनिया की दूसरी सबसे महंगी चाय भी चीन से ही है। इस चाय को पांडा-डंग टी (Panda Dung Tea) के नाम से जाना जाता है। इस चाय का नाम ऐसा इसलिए रखा गया है, क्योंकि इस चाय की खेती के लिए पांडा भालू के गोबर का इस्तेमाल उर्वरक के रूप में किया जाता है। बता दें कि पांडा-डंग चाय की खेती सबसे पहले दक्षिण-पश्चिम चीन के एक उद्यमी अन यंशी ने की थी। रिपोर्ट के अनुसार, कहा जाता है कि पांडा गोबर में हाई एंटीऑक्सीडेंट के साथ कई हेल्थ बेनिफिट्स वाले गुण होते हैं। एक किलो पांडा डंग चाय की कीमत करीब 70,000 डॉलर यानी 57 लाख रुपये से ज्यादा है।
Yellow gold tea buds
दुनिया की तीसरी सबसे महंगी चाय सिंगापुर (Singapore) में पैदा होने वाली येलो गोल्ड टी बड्स (Yellow gold tea buds) है। इस चाय की पत्तियां सोने की तरह चमकती हैं। इस चाय की पत्तियों को साल में सिर्फ एक बार काटा जाता है और सिर्फ सोने की कैंची से इसकी कटाई होती है। इस चाय को चीनी सम्राटों की चाय के तौर पर भी जाना जाता है।
इसकी पत्तियों को सोने की कैंची से काटने के बाद धूप में सुखाया जाता है और फिर चाय की पत्तियों पर खाद्य 24-कैरेट गोल्ड फ्लेक्स का छिड़काव होता है। इस चाय की कीमत करीब 7,800 डॉलर (6 लाख रुपये से ज्यादा) प्रति किलोग्राम है।
Silver tips Imperial tea
दुनिया की चौथी सबसे महंगी चाय भारत में उगाई जाती है। इस चाय को सिल्वर टिप्स इंपीरियल टी (Silver tips Imperial tea) नाम से जाना जाता है। इसकी खास बात यह है कि इस चाय की पत्तियां सिर्फ पूर्णिमा की रातों के दौरान ही तोड़ी जाती हैं और वो भी विशेषज्ञ के द्वारा पूरी सावधानी से। यह चाय एक तरह की ऊलोंग चाय है और इसे दार्जिलिंग (Darjeeling) की ढलान वाली पहाड़ियों पर मकाइबारी टी एस्टेट में काटा जाता है। इस चाय की पत्तियां चांदी की सुईयों की तरह नजर आती हैं। इसका स्वाद भी खास होता है। साल 2014 में एक नीलामी के दौरान इसे 1,850 डॉलर (1,50,724 रुपये) प्रति किलोग्राम बेचा गया था।
Gyokuro, Japan
दुनिया की पांचवीं सबसे महंगी चाय में ग्रीन टी आती है। यह खासतौर पर जापान में उगाई जाती है। ग्योकुरो नामक इस चाय को उच्चतम ग्रेड की ग्री-टी माना जाता है। ग्योकुरो का जापानी भाषा में मतलब ‘मोती ओस’ या ‘जेड ड्यू’ होता है। इसकी खेती उजी जिले (Uji District) में की जाती है। Gyokuro चाय की खोज सबसे पहले साल 1835 में Kahei Yamamoto VI द्वारा हुई थी। इस चाय की कीमत करीब 650 डॉलर या 52,960 रुपये प्रति किलोग्राम है। इसे पुआल की छाया में उगाया जाता है। इस तरह से पौधे को L-theanine amino acid बनाए रखने में मदद मिलती है और चाय में उमामी फ्लेवर बढ़ता है।