इंडियन प्रीमियर लीग के 16वें सीज़न राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलने वाले यशस्वी जायसवाल ने अपने बल्ले से तबाही मचाते हुए हर किसी का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित कर लिया था। यशस्वी जायसवाल ने इस टूर्नामेंट में एक शतक भी जड़ा था। आईपीएल से पहले यशस्वी जायसवाल ने घरेलू क्रिकेट में भी अपने जलवे बिखेरे थे और यही कारण है कि भारतीय टीम के चयनकर्ता उन्हें टीम इंडिया में शामिल करने पर मजबूर हो गए।
प्रेरणादायक है कहानी
अपनी तूफानी बल्लेबाज़ी से बड़े-बड़े गेंदबाज़ों को दिन में तारे दिखा देने वाले खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल का जन्म उत्तर प्रदेश के भदोही में हुआ था और वह फर्स्ट क्लास क्रिकेट में मुंबई का प्रतिनिधित्व करते हैं। अब तक वह इंडिया अंडर-19 ए, इंडिया अंडर-19, इंडिया अंडर-23 और फर्स्ट क्लास में मुंबई की तरफ से खेल चुके हैं। इसके अलावा वह रेस्ट ऑफ इंडिया और आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स का भी हिस्सा रह चुके हैं।
21 साल के यशस्वी जायसवाल का जन्म 28 दिसंबर,2001 को हुआ था और अब उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले जाने वाली इस सीरीज़ के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। जायसवाल की उपलब्धियां सिर्फ यहीं ख़त्म नहीं होतीं, बल्कि वह विजय हजारे ट्रॉफी और ईरानी ट्रॉफी में दोहरा शतक बनाने का भी कारनामा कर चुके हैं। साल 2019 में खेले गए विजय हजारे ट्रॉफी में जायसवाल ने ताबड़तोड़ 203 रनों की पारी खेलते हुए विरोधी टीम के गेंदबाज़ों के हौसले पस्त कर दिए थे।
वहीं, साल 2022-2023 के ईरानी कप में मध्य प्रदेश और रेस्ट ऑफ इंडिया के बीच एक मुकाबला खेला गया था, जिसमें यशस्वी जायसवाल ने रेस्ट ऑफ इंडिया की तरफ से खेलते हुए 213 रनों की शानदार पारी खेली थी। साथ ही साथ, इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में भी यह देखा गया था कि यशस्वी जायसवाल ने तूफानी अंदाज़ में बल्लेबाज़ी करते हुए गेंदबाज़ों को घुटने टेकने पर मजबूर किया था।