फैंस भारतीय टीम के पूर्व कप्तान एम एस धोनी की एक झलक पाने के लिए हर वक़्त बेताब रहते हैं। महेंद्र सिंह धोनी सोशल मीडिया पर बिल्कुल भी एक्टिव नहीं रहते हैं। वह लाइम लाइट से दूर रहकर सादगी भरी ज़िंदगी जीना पसंद करते हैं। इसी की वजह से जब भी सोशल मीडिया पर उनसे जुड़ी हुई कोई वीडियो आती है, तो वह तेज़ी से वायरल हो जाती है। इन दिनों उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह फ्लाइट की इकॉनमी क्लास में सोते हुए नज़र आ रहे हैं।
वायरल हुआ वीडियो
दरअसल, महेंद्र सिंह धोनी के इस वीडियो को एक एयर होस्टेस ने बनाकर सोशल मीडिया पर लोगों के साथ साझा किया है। वीडियो में एम एस धोनी सोते हुए दिखाई दे रहे हैं। वहीं माही की पत्नी साक्षी बगल वाली सीट पर बैठी हुई नज़र आ रही हैं। साक्षी मोबाइल चलाती हुई दिखाई दे रही हैं।
एम एस धोनी का यह वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर खूब देखा जा रहा है, जिसपर लोग बढ़-चढ़कर अपनी प्रतिक्रिया ज़ाहिर कर रहे हैं। कुछ लोग इस वीडियो को देखकर काफी खुश हुए, लेकिन कुछ लोग इस वीडियो को देखने के बाद काफी नाराज़ हो गए।
दरअसल वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने धोनी और उनकी पत्नी की निजी ज़िंदगी पर हमला करने के लिए एयर होस्टेस की जमकर आलोचना की। एक यूज़र ने लिखा कि यह एक शख्स की निजी ज़िंदगी पर हमला है। इसी तरह दूसरे यूज़र ने इस वीडियो को धोनी और उनकी पत्नी की प्राइवेसी पर हमला करने के लिए कसूरवार ठहराया। आपको बता दें कि हाल ही में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग के 16वें सीज़न में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी बल्लेबाज़ी और कप्तानी में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने उम्दा नेतृत्व करते हुए 5वीं बार अपनी टीम को आईपीएल चैंपियन बनाया था।
Cutest video of the day ❤️🫶#MSDhoni pic.twitter.com/7uSSJepSgM
— Chakri Dhoni (@ChakriDhoni17) July 29, 2023