इंडियन प्रीमियर लीग धीरे-धीरे अब समाप्ति की ओर बढ़ रहा है। अब लगभग हर मुक़ाबले में कश्मकश की स्थिति देखी जा सकती है। हर टीम के खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की पूरी कोशिश में लगे हुए हैं। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज़ और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम के महत्वपूर्ण ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल इस आईपीएल सीज़न अपने जलवे बिखेर रहे हैं। बेहतरीन फॉर्म में चलते हुए यह धाकड़ ऑस्ट्रेलिया खिलाड़ी चौकों और छक्कों में डील कर रहा है और अपनी आतिशी बल्लेबाज़ी से विपक्षी टीम के गेंदबाज़ों के पसीने छुड़ा रहा है। इसी बीच कुछ इस तरह की खबरें आ रही हैं जो ग्लेन मैक्सवेल के प्रशंसकों के चेहरे पर खुशियाँ ला सकती है।
मैक्सवेल के घर आने वाला है नन्हा मेहमान
कुछ ऐसी खबरें आ रही हैं कि ग्लेन मैक्सवेल पिता बनने वाले हैं और उनके घर जल्द ही कोई नन्हा मेहमान आने वाला है। दरअसल, ग्लेन मैक्सवेल की पत्नी विनी रमन ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी साझा की है। आपको बता दें कि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल की पत्नी विनी रमन भारतीय मूल की हैं।
विनी ने बताया कि वह गर्भवती हैं और सितंबर के महीने में इनके बच्चे का जन्म होगा। ऑस्ट्रेलिया के बिग बैश लीग के दौरान ग्लेन मैक्सवेल विनी रमन पर फ़िदा हो गए थे, जिसके बाद पिछले साल मार्च के महीने में दोनों शादी के बंधन में बंध गए थे। इस समय इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के मैचों को देखने के लिए विनी रमन अपने पति ग्लेन मैक्सवेल के साथ भारत आई हुई हैं।
विनी ने इन्स्टाग्राम पर अपने होने वाले बच्चे के कपड़ों की तस्वीरों को शेयर किया है और इसके साथ उन्होंने कैप्शन में होने वाले बच्चे के बारे में अपनी ख़ुशी ज़ाहिर की है।