नई दिल्लीः पूर्व से पश्चिम तक मौसम का मूड बदलता जा रहा है, जिससे कहीं तापमान में गिरावट तो कहीं चिलचिलाती धूप खिली हुई है। उत्तर भारत के हिमालय इलाकों में इन दिनों घनी बर्फबारी होने से राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। कुछ जगह से तो हिमस्खलन की भी खबरें हैं, जिससे मार्ग बाधित हुए हैं।
उत्तराखंड व हिमाचल के कुछ हिस्सों में देर रात हुई भारी बर्फबारी से मैदानी हिस्सों में भी सर्दी का सितम बढ़ता जा रहा है। दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश होने से तापमान में काफी गिरावट दर्ज की जा रही है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग(आईएमडी) ने देश के कई इलाकों में गरज के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है।
- यूपी में और गिरेगा तापमान बढ़ेगी सर्दी
देश के सबसे बड़े राज्य यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। प्रदेश की राजधानी लखनऊ की बात की जाए तो मौसम में तब्दीली की संभावना बहुत कम हैं। हालांकि, आने वाले दिनों में यहां लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
सोमवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक रहने की सभावना जताई गई है। दिल्ली एनसीआर के साथ नोएडा का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद लग रही है। इसके साथ ही सुबह और शाम में धुंध देखी जा सकती है। पश्चिमी यूपी और हरियाणा में अभी और भी तापमान काफी नीचे जा सकता है, जिससे लोगों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ेगा।
- इन हिस्सों में होगी भारी बारिश
आईएमडी के अनुसार, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, गोवा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में हल्की बारिश होने की उम्मीद जताई गई है। देश के कुछ हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।