नई दिल्लीः उत्तर भारत में इन दिनों कड़ाके की सर्दी ने जीना मुहाल कर दिया है, जिससे हर कोई अलाव जलाकर व गर्मी कपड़े पहनने को मजबूर हैं। हालात इतने बदतर हैं कि हिमालयन इलाकों में तो तापमान माइनस में पहुंच गया है। उत्तराखंड व हिमाचल प्रदेश में कई झरने व तालाब ऐसे हैं, जो बर्फ में तब्दील हो गए हैं।
दक्षिणी भारत के कई हिस्सों में बारिश देखने को मिली, जिससे तापमान काफी नीचे चला गया। इतना ही नहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शीतलहर का दौर शुरू हो गया है, जिससे सुबह शाम कोहरे के आगोश से जगह-जगह जाम की स्थिति बनी हुई है। दिल्ली के आसपास के इलाकों में भी सर्दी ने जिंदगी की रफ्तार थाम दी है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग(आईएमडी) ने देश के कई इलाकों में बर्फबारी व बारिश की चेतावनी जारी कर दी है।
- यहां बर्फबारी से बदतर हुए हालात
आईएमडी के मुताबिक, चीन और नेपाल सीमा से लगे उच्च हिमालय में बड़ी नदियों को छोड़कर अन्य सभी नाले और तालाब बर्फ में बदल गए हैं। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ उच्च हिमालय में न्यूनतम तापमान माइनस नौ से माइनस 25 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जाने की संभावना बनी हुई है। काली, गोरी, कुटी, धौली, मंदाकिनी, रामगंगा सभी नदियां हिमनदों से निकलती हैं।
इतना ही नहीं उच्च हिमालय में पानी जमने से सभी हिमालयी नदियों का जलस्तर अब अपने न्यूनतम स्तर पर पहुंचने की संभावना बनी हुई है। मई में ग्लेशियर बन चुके नालों, झरनों के पिघलने पर इन नदियों का जलस्तर बढ़ने की उम्मीद लगी हुई है।
- कोहरे ने रोकी ट्रेन की रफ्तार
उत्तर भारत में पिछले कई दिन से घना कोहरे देखने को मिल रहा है, जिससे हर कोई परेशान है। हालात यह है कि कई ट्रेनें भी अपने नियत समय की देरी से चल रही हैं। दिल्ली से लेकर बिहार-यूपी तक इन दिनों सुबह कोहरे के आगोश में रही। इससे दृश्यता कम होने से यातायात पर भी प्रभाव पड़ता नजर आ रहा है। उत्तर रेलवे ने मंगलवार को जानकारी दी थी कि 11 ट्रेनें 2 से 5 घंटे तक दर्ज की जा रही है।
- इन इलाकों में होगी गरज के साथ बारिश
आईएमडी के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्से में हिमपात और बारिश की संभावना जताई है। इतना ही नहीं, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पर गरज के साथ बौछारें पड़ने उम्मीद है। सुबह-सुबह बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के आसपास घना कोहरा छाए रहने की संभावना बनी हुई है। अरुणाचल प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, लक्षद्वीप में बिजली गिरने के साथ बारिश होने की संभावना है।