नई दिल्लीः भारत के इन दिनों तमाम हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से रंग बदलता जा रहा है, जिससे कहीं घना कोहरा तो कहीं बर्फबारी देखने को मिल रही है। पहाड़ बर्फबारी की चादर से ढके हुए हैं, जिससे तापमान माइनस में दर्ज किया जा रहा है। दिल्ली एनसीआर में तापमान गिरने से कड़ाके की सर्दी का झेलना पड़ रहा है, जिससे हर कोई परेशान है। हालात इतने बदतर हैं कि लोगों का घरों से निकलना भी दुश्वार हो रहा है। इसके अलावा राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी तापमान लगातार नीचे गिरता जा रहा है, जिससे लोगों को सर्दी का समना करना पड़ रहा है।
दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी होने से तापमान काफी नीचे गिर गया। इस बीच भारतीय मौसम विभाग(आईएमडी) ने देश के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है।
यहां कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
आईएमडी के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में कोहरा छाए रहने की उम्मीद जताई गई है। आज अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री रहने की उम्मीद है। दिल्ली में ठंड और कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए रविवार को न्यूनतम पारा चार डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली के तमाम इलाकों में आगामी दो दिन शीतलहर की संभावना जताई गई है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के तमाम हिस्सों में घना कोहरा छाया रह सकता है। बिहार के अलग-अलग इलाकों में ठंडा दिन की स्थिति होने की संभावना बनी हुई हैं। इसके अलावा एमपी में 15 जनवरी को कोहरे का अलर्ट जारी कर दिया है। 16 जनवरी को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने की उम्मीद है। बादल छाएंगे और घने कोहरे से लेकर बूंदाबांदी भी देखने को मिल सकती है।
इन राज्यों में कैसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में अगले तीन दिन यानी 17 जनवरी तक जनवरी तक रात/सुबह कुछ घंटों के लिए घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की उम्मीद है। इसके साथ ही झारखंड में 17 और 19 जनवरी तक कुछ इलाकों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। इसके साथ ही 14 से 17 जनवरी तक सुबह में कोहरा या धुंध और बाद में आसमान मुख्यतः साफ रहने की उम्मीद जताई है। 19 जनवरी तक न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद जताई है।