एशिया कप 2023 का 30 अगस्त से आगाज हो जाएगा। लेकिन इससे पहले श्रीलंका की टीम के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। टीम के स्टार ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा एशिया कप के टूर्नामेंट से बाहर हो सकते हैं। दरअसल, वह चोटिल चल रहे हैं। लेकिन वानिंदु हसरंगा को लेकर फिलहाल कोई भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। अगर हसरंगा टीम से बाहर हो जाते हैं तो यह श्रीलंकाई टीम के लिए यह बड़ा नुकसान होगा।
हो सकता है नुकसान
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार वानिंदु हसरंगा चोटिल चल रहे हैं। श्रीलंका की टीम ने अब तक एशिया कप 2023 के लिए अपनी टीम घोषित नहीं की है। अगर हसरंगा श्रीलंका की टीम में शामिल नहीं हुए तो यह इस टीम के लिए बड़ा नुकसान साबित हो सकता है।
आपको बता दें कि वानिंदु हसरंगा ने श्रीलंका की टीम के लिए अपना आखिरी वनडे मैच जुलाई 2023 में खेला था। यह मैच नीदरलैंड्स की टीम के विरूद्ध खेला गया था। वहीं उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मुकाबला अप्रैल 2021 में बांग्लादेश के विरूद्ध खेला था। वानिंदु हसरंगा इंडियन प्रीमियर लीग में भी कई मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन कर चुके हैं। उनका ओवर ऑल रिकॉर्ड काफी अच्छा रहा है।
श्रीलंका की टीम के स्टार खिलाड़ी वानिंदु हसरंगा एक बॉलिंग ऑलराउंडर हैं और वह अपनी टीम के लिए कई मौकों पर शानदार खेल दिखा चुके हैं। हसरंगा ने 48 वनडे मुकाबलों में 67 विकेट हासिल किए हैं। इस दौरान उन्होंने 24 रन देकर 6 विकेट हासिल किए थे, जोकि उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। श्रीलंका का यह धुरंधर खिलाड़ी 3 बार 5 विकेट लेने का कारनामा कर चुका है। हसरंगा ने 48 वनडे मुकाबलों में 832 रन अपने नाम किए हैं। इस दौरान उन्होंने 4 अर्धशतक भी लगाए हैं। हसरंगा का सर्वश्रेष्ठ वनडे स्कोर 80 रन है। उन्होंने घरेलू मैचों में भी उम्दा प्रदर्शन किया है।