नई दिल्ली: साल 2022 टी20 क्रिकेट के लिए शानदार रहा। इसी साल इंग्लैंड ने दूसरी बार t20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया तो वहीं कई सारी बेहतरीन पारियां देखने को भी मिली। चाहे विराट कोहली हो मोहम्मद रिजवान हो या सूर्यकुमार यादव सभी ने अपने बल्ले से जलवा दिखाया। अब हम आपको इस साल के टॉप 5 बल्लेबाज बताने जा रहे हैं, जिन्होंने टी20 क्रिकेट में अपने बल्ले से सबसे ज्यादा रन बरसाए।
सूर्यकुमार यादव
भारतीय स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने साल 2022 में t20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। सूर्यकुमार ने 31 पारियों में 45.56 की औसत से 1164 रन बनाए, जिसमें उन्होंने दो शतक औऱ नौ अर्धशतक जड़े। इस दौरान उनका बेस्ट स्कोर 117 रन रहा। वह इकलौते खिलाड़ी हैं, जिन्होंने इस साल 1000 से ज्यादा रन बनाए हैं। वहीं साल 2022 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी सूर्यकुमार के नाम ही है।
मोहम्मद रिजवान
सूर्यकुमार यादव के बाद t20 में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पाकिस्तान के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान है। मोहम्मद रिजवान पाकिस्तान के लिए ओपनिंग करते हैं। मोहम्मद रिजवान ने 25 पारियों में 45.27 की औसत से 996 रन बनाए, जिसमें उन्होंने 10 अर्धशतक जड़े।
विराट कोहली
t20 विश्व कप के दौरान भारत के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली का बल्ला जमकर बोला था और उन्होंने गेंदबाजों के छक्के छुड़ा दिए थे। विराट कोहली ने अपने बल्ले से ऐसा धमाका किया कि सभी लोग देखते रह गए। साल 2022 में t20 में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में विराट कोहली तीसरे नंबर पर है। भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली ने साल 2022 में 20 पारियों में 55.78 की औसत से 781 रन बनाए, जिसमें उन्होंने एक शतक औऱ 8 अर्धशतक बनाए। कोहली का बेस्ट स्कोर नाबाद 122 रन रहा।
सिकंदर रजा
जिंबाब्वे के ऑलराउंडर सिकंदर रजा ने टी-20 विश्व कप के दौरान सभी लोगों का दिल जीत लिया था। बेहतरीन प्रदर्शन का इनाम उन्हें आईपीएल में भी मिला। ऑक्शन में पंजाब किंग्स ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया है। सिकंदर रजा पहली बार आईपीएल खेलते हुए नजर आएंगे। साल 2022 में t20 में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में सिकंदर रजा चौथे नंबर पर है। रजा ने 23 पारियों में 35 की औसत से 735 रन बनाए, जिसमें उन्होंने पांच अर्धशतक जड़े और उनका बेस्ट स्कोर 87 रन रहा।
बाबर आजम
t20 विश्व कप में बाबर आजम का फॉर्म काफी निराशाजनक था। उनके प्रदर्शन में काफी गिरावट आई थी। इसके बाद आलोचनाओं का सामना भी उन्हें करना पड़ा था। हालांकि इस सबके बावजूद भी साल 2022 में t20 में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में बाबर आजम पांचवें स्थान पर है। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने 26 पारियों में 31.95 की औसत से 735 रन बनाए, जिसमें उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतक जड़े और उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 110 रन रहा।