नई दिल्ली: भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने राजकोट में खेले गए सीरीज़ के तीसरे वनडे मुकाबले में ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 81 रन बना डाले, जिसमें 5 लाजवाब चौके और 6 बेहतरीन छक्के शामिल थे। हालांकि, रोहित की यह दमदार पारी भी टीम इंडिया को जीत नहीं दिला सकी. लेकिन अब रोहित एक ख़ास लिस्ट में शामिल हो गए हैं।
दर्ज किया ये रिकॉर्ड
दरअसल, टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ऐसे दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 550 छक्के लगाए हों। इससे पहले यह कारनामा वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज़ क्रिस गेल ने कर दिखाया था, लेकिन अब रोहित शर्मा भी अपना नाम इस ख़ास लिस्ट में शामिल करवा चुके हैं।
आपको बता दें कि स्टार बल्लेबाज़ रोहित शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक 551 छक्के लगाए हैं। वहीं क्रिस गेल ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर में 553 छक्के जड़े हैं। यानी कि अगर रोहित शर्मा 3 छक्के और लगा देते हैं तो वह क्रिस गेल के रिकॉर्ड को चकनाचूर कर देंगे और वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे, जोकि अपने आप में ही बेहद ख़ास उपलब्धि होगी।
अगर रोहित शर्मा के आंकड़ों पर गौर किया जाए तो उन्होंने 52 टेस्ट मुकाबलों में 77 छक्के अपने नाम किए हैं। साथ ही साथ, रोहित शर्मा ने 251 वनडे मैचों में 292 छक्के जड़े हैं और 148 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में रोहित शर्मा ने 182 छक्के अपने नाम किए हैं। इस तरह तीनों प्रारूपों को मिलाकर रोहित शर्मा ने कुल 551 लगाए हैं।