नई दिल्ली: टीम इंडिया 8 अक्टूबर को अपने विश्व कप 2023 के अभियान की शुरुआत करेगी। भारतीय टीम का सीधा सामना 8 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया से होगा। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला चेन्नई के मैदान पर खेला जाएगा, जहां भारतीय टीम हर हाल में जीत हासिल करना चाहेगी। वहीं भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा के पास इस विश्व कप में नया कीर्तिमान स्थापित करने का मौक़ा होगा, जिसे वह दोनों हाथों से लपकना चाहेंगे।
रोहित करेंगे नया कारनामा
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा सबसे ज़्यादा छक्के लगाने के मामले में 12वें नंबर पर आते हैं। लेकिन, इस विश्व कप में उनके पास इस सूची में शीर्ष पर पहुंचने का सुनहरा अवसर होगा। भारतीय टीम के कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज़ रोहित शर्मा ने अब तक विश्व कप के 16 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने कुल 23 छक्के जड़े हैं। इस लिस्ट में वेस्टइंडीज की टीम के पूर्व खिलाड़ी क्रिस गेल टॉप पर मौजूद हैं। यूनिवर्स बॉस के नाम से मशहूर क्रिस गेल ने विश्व कप के 35 मुकाबले खेले हैं और उसमें उन्होंने कुल 49 छक्के लगाए हैं।
दक्षिण अफ्रीका की टीम के दिग्गज बल्लेबाज़ एबी डीविलियर्स विश्व कप में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने के मामले में दूसरे स्थान पर आते हैं। डीविलियर्स ने विश्व कप के खेले गए 23 मुकाबलों में 37 छक्के जड़े हैं। साथ ही साथ, कंगारू टीम के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग तीसरे स्थान पर मौजूद हैं, जिन्होंने विश्व कप के 46 मुकाबले खेले हैं और कुल 31 छक्के लगाए हैं। इस सूची में कीवी टीम के पूर्व स्टार बल्लेबाज़ ब्रैंडन मैकलम चौथे नंबर पर आते हैं, जिन्होंने विश्व कप के 34 मुकाबले खेलते हुए कुल 29 छक्के लगाने का कारनामा किया है।
इसके बाद इस लिस्ट में दक्षिण अफ्रीका की टीम के बल्लेबाज़ हर्षल गिब्स 5वें स्थान पर मौजूद हैं, जिन्होंने विश्व कप के 25 मैचों में 28 छक्के जड़े हैं। फिलहाल भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा के विश्व कप में कुल 23 छक्के हैं और उनके पास इस विश्व कप में इन सब खिलाड़ियों को पीछे छोड़ने का सुनहरा मौका है। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस विश्व कप में रोहित शर्मा के बल्ले से कितने छक्कों की बरसात होगी।