नई दिल्ली: विश्व कप की तारीख जैसे-जैसे करीब आती जा रही है वैसे-वैसे ही बयानबाजी का सिलसिला और तेज़ होता जा रहा है। रोहित शर्मा 5 अक्टूबर से शुरू होने वाले विश्व कप में भारत की कप्तानी करते हुए नज़र आएंगे। लेकिन इससे पहले गौतम गंभीर ने भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के बारे में बड़ा बयान दिया है।
कह दी ये बात
टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी गौतम गंभीर अक्सर अपने बयानों की वजह से चर्चाओं में बने रहते हैं क्योंकि वह कुछ ऐसे बयान दे देते हैं जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होती है। कुछ ऐसा ही बयान उन्होंने भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को लेकर भी दिया है, जिसके बाद भारतीय टीम के क्रिकेट फैंस तमाम प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
कई बात गंभीर और धोनी के रिश्तों में खटास की खबरें आती रहीं हैं। लेकिन, फिलहाल गौतम गंभीर टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की जमकर तारीफ करते हुए नज़र आ रहे हैं। स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत करते हुए गौतम गंभीर ने कहा कि भारतीय क्रिकेट में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी की कोई भी बराबरी नहीं कर सकता है। उन्होंने कहा कि कई कप्तान आए और न जाने कितने कप्तान आएंगे, लेकिन उन्हें नहीं लगता कि एम एस धोनी जैसा कप्तान भारतीय टीम को दोबारा मिलने वाला है।
अपने बयान में गौतम गंभीर ने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी एक ऐसे कप्तान हैं जिन्होंने ICC की 3 ट्रोफियों को अपने नाम किया है और उन्हें नहीं लगता कि इससे भी बड़ी कोई उपलब्धि हो सकती है। आपको बता दें कि 28 सालों के बाद साल 2011 में महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी कप्तानी में भारत को विश्व विजेता बनाया था।