वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज़ क्रिस गेल ने अपने पूर्व रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर टीम के साथी खिलाड़ी और टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज़ विराट कोहली के बारे में बड़ा बयान दिया है। क्रिस गेल ने विश्व कप 2023 में विराट कोहली द्वारा रिकॉर्ड कायम करने वाली बात का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात पर पूरा भरोसा है कि अपने बुरे फॉर्म को मात देने वाले विराट कोहली भारत में खेले जाने वाले विश्व कप 2023 में कमाल का प्रदर्शन करेंगे।
भारत के लिए अहम
कैरेबियाई बल्लेबाज़ क्रिस गेल ने कहा कि खिलाड़ी हमेशा ऐसे दौर से गुज़रते हैं जहां चीज़ें सुस्त दिखाई पड़नी शुरू हो जाती है। ऐसी स्थिति में खिलाड़ियों को अपना मनोबल बढ़ाने के लिए सकारात्मक उर्जा की ज़रुरत होती है। फिर खिलाड़ी जब एक बार लय में वापस आ जाते हैं तब उसे इस बात का अंदाज़ा लगता है कि वह कितना अच्छा प्रदर्शन कर सकता है।
इसी बीच यूनिवर्स बॉस के नाम से मशहूर क्रिस गेल ने यह भी कहा कि विश्व कप 2023 की मेज़बानी भारत कर रहा है, इसलिए उसपर काफी दबाव होगा। आपको बता दें कि साल 2011 के बाद पहली बार भारत में वनडे विश्व कप का आयोजन किया जा रहा है, इसी वजह से भारत के लिहाज़ से विश्व कप 2023 काफी अहम हो जाता है। साल 2011 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने विश्व कप के खिताब को अपने नाम किया था।
वहीं, साल 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी में जीत हासिल करने के बाद से टीम इंडिया अब तक किसी भी आईसीसी के खिताब को जीतने में कामयाब नहीं हो पाई है। भारत की टीम साल 2014 के टी20 विश्व कप, 2017 की चैंपियंस ट्रॉफी, साल 2021 और साल 2023 के विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंची तो ज़रूर, लेकिन विजेता बनने में सफल नहीं हो सकी। ऐसे में भारत के पास इस विश्व कप को जीतने का अच्छा मौक़ा है।