नई दिल्लीः पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते इन दिनों उत्तर भारत में तापमान तेजी से नीचे जाने का सिलसिला जारी है, जिससे लोगों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। उत्तराखंड और हिमाचल में तो बर्फबारी होने से कई मार्ग भी बंद हो गए हैं, जिससे आवाजाही में काफी मुसीबतें झेलनी पड़ रही हैं। पहाड़ों पर गिरती बर्फ के चलते मैदानी हिस्सों में सर्दी का प्रचंड रूप देखने को मिलने लगा है, जिसके बाद लोगों ने गर्मी कपड़ों और अलाव का सहारा लेना शुरू कर दिया है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोहरा और आसमान में जमीं धुंध लगातार हवा में जहर घोल रही है। दिल्ली एनसीआर व पश्चिमी यूपी और हरियाणा के कुछ हिस्सों तड़के सुबह कोहला छाया रहा। दक्षिणी भारत के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर अभी भी जारी है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने देश के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है।
- जानिए यहां के मौसम का हाल
आईएमडी के मुताबिक, पहाड़ों पर तेज बर्फबारी के चलते जम्मू-कश्मीर के कुछ जिलों में रात का तापमान शून्य डिग्री दर्ज किया गया। लेह और कारगिल में तो हाड़ कंपा देने वाली सर्दी ने जिंदगी की रफ्तार ही थाम दी। आने वाले दिनों में यहां तापमान माइनस में जाने की संभावना जताई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यहां अधिकतम तापमान 26 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। वहीं आने वाले समय में दिल्ली में कड़ाके की सर्दी रहने वाली है।
वहीं, देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में आज बादल छाए रहने की उम्मीद है। यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस, वहीं न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जाने की संभावना है।
- इन इलाकों में होगी भारी बारिश
आईएमडी के मुताबिक, दक्षिण भारत के राज्यों कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में अगले 4 से 5 दिनों तक बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं, उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में दिन और रात के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है।