नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में अब तापमान में तेजी से गिरावट देखने को मिली है। कई राज्यों में अब दोपहर के समय में भी हल्की सर्दी महसूस होनी शुरू हो गई है। हालांकि, सुबह और रात के समय में अब ज्यादातर लोग कंबल ओढ़कर ही सो रहे हैं।
सर्दी और कोहरे के बीच ही मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए अलर्ट भी जारी कर दिया है। कुछ जगहों पर बारिश की भी संभावना जताई गई है। बरसात का सिलसिला 27 नवंबर तक जारी रहेगा।
तमिलनाडु के कई इलाकों आज यानी 25 नवंबर को सुबह से बारिश का सिलसिला जारी है। वहीं, दूसरी तरफ भारी बारिश को देखते हुए चेन्नई के सभी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। राजधानी दिल्ली में भी न्यूनतम तापमान दस डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है।
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से अगले 3 दिनों तक बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान सुबह में हल्का कोहरा भी देखने को मिलेगा। शनिवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। दिल्ली में सोमवार को हल्की बारिश की भी संभावना जताई गई है।
इन राज्यों में होगी भारी बारिश:-
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात, दक्षिण राजस्थान, गोवा, तमिलनाडु, केरल और पुदुचेरी सहित कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही 27 नवंबर के आसपास दक्षिण अंडमान सागर और उससे सटे दक्षिणपूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण राजस्थान में 26 नवंबर को तेज बारिश देखने को मिल सकता है। पश्चिम मध्य प्रदेश से सटे हुए पूर्वी क्षेत्र में 27 नवंबर को तेज बारिश हो सकती है। गुजरात में भी 26 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
दिल्ली में मौसम का हाल
दिल्ली में शनिवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और इसके साथ ही हल्का कोहरा भी देखने को मिल सकता है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 25 और 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
जम्मू-कश्मीर में कैसा रहेगा मौसम
जम्मू-कश्मीर में शनिवार को शुष्क मौसम जैसी स्थिति बनी रहेगी। श्रीनगर में आसमान साफ रहने वाला है और अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 13 और 0 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने वाला है।
राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम
राजस्थान में आज मतदान हो रहा है। इसी बीच मौसम विभाग ने कुछ इलाकों के लिए बारिश को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है। 25-27 नवंबर के बीच दक्षिण राजस्थान के कई जगहों पर भारी बारिश को देखते हुए चेतवानी जारी कर दी है। दक्षिण राजस्थान में 26 नवंबर को भारी वर्षा के साथ ओलावृष्टि की बात कहीं जा रही है।