नई दिल्लीः देशभर में अब एक बार फिर मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। राष्ट्रीय राजधानी में घातक बने प्रदूषण से वैसे तो राहत मिलती दिख रही है, लेकिन पश्चिम विक्षोभ के चलते उत्तर भारत में तापमान काफी नीचे लुढ़कता जा रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में घनी बर्फबारी होने से मैदानी हिस्सों में सर्दी का सितम बढ़ता जा रहा है, जिससे बचने के लिए लोग अब गर्म कपड़ों की खरीदारी करना शुरू कर दिए हैं।
दूसरी ओर बुजुर्गों ने तो अलाव और हीटर का सहारा लेना शुरू कर दिया है। देश के दक्षिणी राज्यों के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश देखने को मिल रही है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग(आईएमडी) ने देश कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है।
- इन राज्यों में होगी बारिश
आईएमडी के मुताबिक, पहाड़ी राज्यों, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड में बर्फबारी ने तापमान में और भी गिरावट देखने को मिल सकती है। उधर अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। आने वाले दो दिनों में यूपी-बिहार समेत उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में जहां लगातार तापमान में गिरावट की संभावना बने रहने से सर्दी बढ़ने की संभावना जताई है।
- इन राज्यों में गिरेगा तापमान
मौसम विभाग की मानें तो उत्तर भारत के पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उड़ीसा , बिहार और झारखंड में न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। यहां अब कड़ाके की सर्दी शुरू होने की उम्मीद है।
- मछुआरों के लिए जारी की सावधानी बरतने की चेतावनी
आईएमडी ने मछुआरों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। साथ ही कहा कि अगले 24 घंटे तक अंडमान सागर से सटे बंगाल की दक्षिण-पूर्वी खाड़ी और दक्षिण-पश्चिम और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के आस-पास के क्षेत्रों में नहीं जाने की अपील की है।