नई दिल्लीः उत्तर प्रदेश सहित देश के कई राज्यों में इन दिनों कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे जिंदगी की रफ्तार भी सुस्त पड़ गई है। पश्चिमी यूपी और उत्तराखंड सहित तमाम हिस्सों में सुबह-सुबह घना कोहरा छाने से वाहनों की रफ्तार रेंगते दिखी, जिससे जाम जैसे हालात बन गए।
इसके अलावा पहाड़ों पर घनी बर्फबारी ने लोगों का जीना हराम कर दिया है, जिससे कई मार्ग बाधित चल रहे हैं। इसके साथ ही पूर्वोत्तर राज्यों में भी शीतलहर का सितम देखने को मिल रहा है। दक्षिण भारत के कई हिस्सों में देर रात बारिश होने से जगह-जगह पानी भर गया।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में तापमान काफी नीचे गिरता जा रहा है, जिससे लोगों को कड़ाके की सर्दी झेलनी पड़ रही है। यहां कई जिलाों में शीतलहर के चलते स्कूलों की छुट्टियां भी कर दी गई हैं। इस बीच भारतीय मौसम विभाग(आईएमडी) ने देश के कई राज्यों में भारी बारिश व कड़ाके की सर्दी की चेतावनी जारी कर दी है।
इन हिस्सों में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
आईएमडी के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान में कड़ाके की सर्दी की चेतावनी जारी कर दी गई है। मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम के कई हिस्सों में आगामी दो दिन तक घना कोहरा छाए रहने के संकेत जताए है।
राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 8 से 10 जनवरी के बीच गरज-चमक के साथ बारिश होने की चेतावनी जारी कर दी है। तमिलनाडु और केरल में आगामी 5 दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना जताई है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़-दिल्ली में न्यूनतम तापमान 6-9 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है।
इसके अलावा पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों 10-12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के शेष भाग में 13-15°C से अधिक रह सकता है।
यहां कैसा रहेगा मौसम
आईएमडी के अनुसार, ताजा पश्चिमी विक्षोभ के असर नई दिल्ली में हल्की बारिश की देखने को मिल सकती हैं। 9 जनवरी को नई दिल्ली में न्यूनतम तापमान 11 और अधिकतम तापमान 14 डिग्री रहने की संभावना है। हल्की बूंदाबांदी भी देखने को मिलने की संभावना है।
10 जनवरी को नई दिल्ली में गरज के साथ बारिश की गतिविधियां दर्ज की जा सकती है। 10 जनवरी को न्यूनतम तापमान 10 और अधिकतम तापमान 15 डिग्री रहेगा। दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल, तेलंगाना और कर्नाटक के कई हिस्सों में बिजली की गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।