नई दिल्लीः देशभर में आज धनतेरस का त्योहार बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है, जिसे लेकर हर किसी के चेहरे पर रौनक दिखाई दे रही है। वहीं दूसरी ओर मौसम भी इन दिनों तेजी से करवट बदल रहा है, जिससे लगातार तापमान नीचे गिरता जा रहा है। पहाड़ों के तमाम हिस्सों में तो बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है, जिससे मैदानी इलाकों में सर्दी का एहसास होने लगा है। दक्षिणी भारत के कई इलाकों में देर रात बारिश होने से तापमान काफी नीचे खिसक गया। इस बीच भारतीय मौसम विभाग(आईएमडी) ने देश के कई राज्यों में गरज के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है।
इसे भी पढ़ेंः महिलाओं को सरकार देगी नौकरी, आंगनवाड़ी में निकलीं पदों पर बंपर भर्ती
- इन हिस्सों में होगी भारी बारिश
आईएमडी के मुताबिक, महाराष्ट्र, कर्नाटक में तेज बारिश जारी रहने की संभावना बनी हुई है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड के कुछ इलाकों में भारी बारिश देखने को मिल सकती है। इतना ही नहीं केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक के कई इलाकों में तो 25 अक्टूबर तक बारिश देखने को मिल सकती है।
वहीं, बंगाल की खाड़ी के ऊपर कई दिनों से बने दबाव के गहरे दबाव में बदलने की उम्मीद है। इसके चलते 24 अक्टूबर को चक्रवाती तूफान देखने को मिल सकता है। 25 अक्टूबर तक पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश के तट पर यह पहुंच जाएगा। इसके चलते कल से नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, मणिपुर, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड समेत कई तटीय राज्यों में तेज हवा और भारी गरज के साथ बारिश होने की उम्मीद है।
- राजधानी में गिर रहा तापमान
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तापमान गिरने के साथ-साथ वायु प्रदूषणा का स्तर भी नीचे गिरता जा रहा है, जिससे लोगों का सांस लेना भी मुसीबत भरा हो गया है। शहर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद बनी हुई है। प्रदूषण बढ़ने से शनिवार को हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में पहुंचने की संभावना बनी हुई है। हवा की गति कम व वातावरण में धूल कण के कारण प्रदूषण बढ़ सकता है।