नई दिल्लीः देशभर में इन दिनों मौसम का मिजाज तेजी से रंग बदलता जा रहा है, जिससे कहीं तापमान में गिरावट तो कहीं बारिश देखने को मिल रही है। उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में लगातार बर्फबारी देखने को मिल रही है, जिससे लोगों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। इससे मैदानी हिस्सों में तो शीतलहर ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है, जिसके चलते कई जिलों में स्कूलों और कॉलेजों की छुट्टियां कर दी गई हैं।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली व एनसीआर में हाड़ कंपाने वाली सर्दी और घना कोहरा राहगीरों के लिए आफत बना हुआ है। स्थिति इतनी बदतर है कि आसपास के हिस्सों में कोहरे के आगोश के चलते जाम का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग(आईएमडी) ने देश के कई हिस्सों में सर्दी व गरज के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है।
- यहां सर्दी से कांपेगी जिंदगी की रफ्तार
आईएमडी के मुताबिक, उत्तर भारत के उत्तराखंड और हिमाचल में तापमान शून्य के करीब दर्ज किया जा रहा है, जिससे पहाड़ों पर बर्फ-बर्फ ही नजर आ रही है। यहां शीतलहर के साथ ही कोल्ड वेव की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा राजस्थान, दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में शीतलहर की संभावना जताई गई है। वहीं, हरियाणा पंजाब सहित मध्य प्रदेश राजस्थान बिहार में कोल्ड डे की चेतावनी जारी की गई है।
उत्तर पश्चिमी राजस्थान सहित दिल्ली हरियाणा पंजाब के कई इलाकों में कोहरा छाया रहने की संभावना है। इसकी चेतावनी जारी कर दी गई है। रेड अलर्ट जारी करते हुए छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल, सिक्किम में घना कोहरा छाया रहने की संभावना व्यक्त की गई है।
- यहां होगी बारिश
आईएमडी के अनुसार, कई इलाकों में आगामी 24 घंटे में मौसम में संभावित परिवर्तन की संभावना जताई है। 24 घंटे के दौरान उत्तरी आंध्र प्रदेश सहित दक्षिण पूर्व मध्य प्रदेश, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, विदर्भ और राजस्थान के कई इलाकों में बारिश की संभावना है।
राजस्थान, उत्तर प्रदेश सहित मध्य प्रदेश में शीतलहर से लेकर गंभीर शीतलहर की संभावना जताई है। बिहार उत्तराखंड राजस्थान मध्य प्रदेश हरियाणा सहित झारखंड में कोल्ड डे का अलर्ट जारी कर दिया गया है।