नई दिल्लीः देशभर में इन दिनों तापमान काफी नीचे लुढ़कता जा रहा है, जिससे हर किसी को सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। उत्तर भारत तो लगभग पूरा ही शीतलहर की चपेट में है, जिससे लोगों की कंपकंपी बंधी है। दिल्ली एनसीआर व पश्चिमी यूपी के तमाम हिस्सों में आज सूर्य देवता के भी दर्शन नहीं हुए, क्योंकि दिनभर आसमान में कोहरा छाया रहा। पहाड़ी इलाकों में लगातार बर्फबारी लोगों मुसीबत बनकर टूट रही है, जिससे जगह-जगह मार्ग भी बाधित हो गए।
हिमालयन इलाकों में तापमान माइनस में चल रहा है, जिससे मैदानों में सर्दी का कहर बढ़ता जा रहा है। देर शाम दिल्ली के आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाने से राहगीरों को जाम का सामना करना पड़ा। दक्षिणी भारत के कई हिस्सों में अभी भी बारिश का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग(आईएमडी) ने देश के कई हिस्सों में गरज के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है।
- यहां सर्दी बनेगी आफत
आईएमडी के मुताबिक, दिल्लीवासियों के लिए ठंड से जल्द राहत मिलने की संभावना बनी हुई है। नए साल का स्वागत कड़ाके की ठंड से होगा और नए साल के पहले दिन तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना जताई है। दिल्ली में शुक्रवार का दिन दिसंबर का सबसे गर्म दिन रहा। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ये दिसंबर में सबसे अधिक है, जबकि अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस था।
नए साल के पहले दिन रविवार को घना कोहरा छाया रहने की उम्मीद जताई है। 2 जनवरी से 5 जनवरी तक शीतलहर चलने की संभावना व्यक्त की है। इसके अलावा लखनऊ में अगले कुछ दिन घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लखनऊ के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है।
वहीं, पूरा उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्य शीतलहर की चपेट में है। पहाड़ों से लेकर मैदानों में कड़ाके की ठंड देखने को मिल सकती है।
- इन हिस्सों में होगी बारिश
आईएमडी के अनुसार दक्षिणी भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश भी होने की संभावना जताई गई है। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई सहित कई इलाकों में रविवार को बादल छाए रहने के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इतना ही नहीं आंध्र प्रदेश और केरल के कई हिस्सों में बिजली की चमक और गरज के साथ बारिश देखने को मिल सकती है।