नई दिल्लीः जून मौसम परिवर्तन के लिहाज से काफी मायने रखता है, क्योंकि इस महीने की शुरुआत में मानसून भी मुल्क की सीमाओं में दस्तक देता है। सामान्य रूप से मानसून अब तक प्रवेश कर जाना चाहिए था, लेकिन इस बार तीन चार दिन की देरी है। अब जल्द ही किसी भी मानसून केरल के रास्ते भारत में एंट्री करने जा रहा है। इससे ठीक पहले बेमौसम बारिश ने स्थिति बिगाड़ रखी है, जिससे कहीं आंधी तो कहीं ओलावृष्टि भी देखने को मिली है।
देश की राजधानी दिल्ली सहित आसपास के हिस्सों में आज सुबह से ही बादलों की आवाजाही का दौर जारी है, जिससे तापमान में काफी गिरावट दर्ज की जा रही है। पश्चिमी यूपी और उत्तराखंड के कई हिस्सों में भी तापमान में बढ़ोतरी के साथ बादल छाए हुए हैं। दक्षिण भारत के कुछ इलाकों में देर रात बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया। इस बीच भारतीय मौसम विभाग(आईएमडी) ने देश के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी गई है।
यहां होगी जमकर बारिश
आईएमडी के मुताबिक, आगामी 24 घंटों में दक्षिण भारत के तेलंगाना और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में आंधी के साथ मामूली बारिश की चेतावनी जारी कर दी गई है। इसके अलावा सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ के तमाम इलाकों में बारिश की चेतावनी जारी कर दी गई है।
गुजरात क्षेत्र, दक्षिण उत्तर प्रदेश, रायलसीमा, केरल, तमिलनाडु, तटीय कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा और हिमाचल प्रदेश में 1 या 2 स्थानों पर मामूली बारिश होने की उम्मीद है। इसके साथ ही दिल्ली-एनसीआर में सोमवार दिनभर भीषण गर्म का दौर जारी रहेगा। यहां देर रात वैसे बारिश होने से मौसम में कुछ तब्दीली दर्ज की गई। इसके अलावा यहां बारिश के साथ आई आंधी की वजह से कई स्थानों पर पेड़ भी उखड़ गए हैं।
जानिए यहां कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
आईएमडी के मुताबिक, देश की राजधानी दिल्ली एनसीआर के तमाम इलाकों में आंधी के साथ तेज बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा राजस्थान के तमाम इलाकों पंजाब और हरियाणा में भी आंधी-बारिश का रौद्र रूप देखने को मिल सकता है। इसके अलावा तमिलनाडु, केरल, लक्षद्वीप और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी बारिस की चेतावनी जारी कर दी गई है।
यहां कर्नाटक, सिक्किम, असम, मेघालय और पश्चिमी हिमालय के तमाम इलाकों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के तमाम इलाकों में लू चलने की उम्मीद है।