नई दिल्लीः देशभर में अब मानसूनी बादलों की आवाजाही का दौर देखने को मिल रहा है, जिससे कहीं बारिश तो कहीं धूप भी खिली है। देश के अधिकतर इलाकों में इन दिनों मानसूनी बरसात ने लोगों का जीना हराम कर दिया है, जिससे हर कोई परेशान है। बारिश ने सबसे ज्यादा गुजरात और हिमाचल को प्रभावित किया है, जहां लोगों को जान से भी हाथ धोना पड़ा है।
अब महाराष्ट्र में भी घनी बारिश ने लोगों को परेशान कर रखा है, जिससे हर कोई परेशान होता दिख रहा है। पश्चिमी यूपी और उत्तराखंड के कई हिस्सों में आज सुबह से ही धूप खिली है, जिससे तापमान में काफी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। यूपी और दिल्ली में चिपचिपी गर्मी ने घर से भी निकलना दुश्वार कर रखा है। दूसरी ओर दक्षिण भारत में लगातार बारिश होने से स्थिति नाजुक बनी हुई है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग(आईएमडी) ने देश के कई इलाकों में बिजली की चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है।
जानिए यहां कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
आईएमडी के अनुसार देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 29 डिग्री और अधिकतम तापमान 37 डिग्री रहने की संभावना है। इसके साथ ही यहां आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। पश्चिमी यूपी व दिल्ली एनसीआर में गाजियाबाद की बात करें तो आज यहां न्यूनतम तापमान 29 डिग्री और अधिकतम तापमान 37 डिग्री दर्ज किया होने संभावना है।
इसके साथ ही गाजियाबाद में भी आज आंशिकतौर पर बादल छाए रहने की संभावना बनी है। इसके साथ ही 21 जुलाई को महाराष्ट्र के विदर्भ इलाके में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने इसके लिए अलर्ट भी जारी कर दिया है।
इन राज्यों में आफत बनेगी झमाझम बारिश
आईएमडी के अनुसार, कोंकण और गोवा में बिजली की चमक के साथ तेज बारिश की चेतावनी जारी कर दी है। इसके साथ ही दक्षिणी गुजरात, तेलंगाना, दक्षिणी मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है। वहीं, उत्तरी पंजाब, उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, शेष मध्य प्रदेश और राजस्थान के तमाम इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही सौराष्ट्र और कच्छ, आंतरिक कर्नाटक, केरल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भी मध्यम में बारिश होने की उम्मीद बनी हुई है।