Weather Update Today: अब देशभर में लोगों को ठंड का एहसास होना शुरू हो गया है। देश के कई राज्यों में सुबह और शाम के समय में सर्दी लग रही है। अब तो लोगों को नहाने से पहले भी सोचना पड़ रहा है। इन दिनों काफी तेजी से मौसम का मिजाज बदलता हुआ नजर आ रहा है।
कई जगहों पर तो लोगों ने गर्म कपड़े भी निकालने शुरू कर दिए हैं। जबकि, केरल और तमिलनाडु के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे के अंदर भारी बारिश देखने को मिली है। बारिश होने की वजह से मौसम काफी ठंडा हो गया है।
मौसम विभाग की मानें तो तमिलनाडु, केरल और माहे में आज यानी 28 अक्टूबर को बारिश की संभावना जताई गई है। कहा जा रहा है कि अगले दो दिनों तक यूं ही बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
केरल और कर्नाटक समेत कई राज्यों में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। राजधानी दिल्ली में भी ठंड का एहसास होना पिछले दिनों से शुरू हो गया है।
मौसम विभाग की मानें, राजधानी दिल्ली में आज यानी 28 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। दिन के समय में धूप निकलने की संभावना है।
दिल्ली में देखा जाये तो मॉर्निंग और शाम के समय में ठंड लग रही है, बाकि दोपहर के समय में अच्छी धूप खिली हुई देखने को मिल रही है। बहुत जल्द ही दिल्ली में अब कोहरा भी देखने को मिलेगा।
इन राज्यों में होगी भारी बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी और कराईकल में कई स्थानों पर 30 अक्टूबर तक भारी बारिश की संभावना जताई है।
यह भी कहा जा रहा है कि तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में रविवार और सोमवार को हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।
उत्तर प्रदेश की बात करें तो कई राज्यों में कोहरे का अनुमान जताया गया है। उत्तराखंड की बात करें तो यहां सुबह और रात के तापमान में काफी बदलाव देखने को मिल रहा है।
हिमाचल प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम
यहां आज शुष्क मौसम रहने वाला है। शिमला में अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक तापमान ऊना में (32.4 डिग्री सेल्सियस) और सबसे कम तापमान केलांग में (0.4 डिग्री सेल्सियस) दर्ज किया गया।
जम्मू और कश्मीर में कैसा रहेगा मौसम
जम्मू-कश्मीर में आज यानी शनिवार को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। शुक्रवार को जम्मू में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।