नई दिल्लीः भारत के अधिकतर इलाकों में इन दिनों मानसूनी बारिश ने डेरा डाल रखा है, जिससे सामान्य जीवन तो मानो खत्म हो गया है। देश के तमाम राज्यों में भारी बारिश होने से तापमान में भी गिरावट होने से गर्मी तो छूमंतर हो गई है, जिससे जगह-जगह पानी ही पानी नजर आ रहा है।
बारिश ने पहाड़ों से लेकर मैदानों तक जमकर तबाही मचाई है। देश की राजधानी दिल्ली में यमुना नदी का पानी घूम रहा है, जिससे कई मार्ग पर बोट का सहारा लेना पड़ रहा है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश में तो बादल फटने से मकान, दुकान, बिजली के खंभे गिरने के साथ लोगों को जान तक गंवानी पड़ी है।
इतना ही नहीं पहाड़ी हिस्सों में भूस्खलन होने से कई हाईवे और सड़कें बंद हो गए हैं। अब राजधानी दिल्ली सहित तमाम राज्यों में काले बादलों ने डेरा जमा रखा है, जहां कुछ बारिश भी देखने को मिली है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग(आईएमडी) ने देश के कई राज्यों में तांडव मचाने वाली बारिश की चेतावनी जारी कर दी है।
इन राज्यों में होगी मूसलाधार बारिश
आईएमडी ने देश के कई राज्यों में बिजली की चमक और गरज के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है। राष्ट्रीय राजधानी उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश की चेतावनी जारी कर दी हैं, जहां पहले से ही बाढ़ आफत बनी हुई है। इसके साथ ही पूर्वी राजस्थान, असम ओडिशा, मेघालय में भी मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है।
इसके साथ ही राजधानी दिल्ली में 18 से 22 जुलाई तक बिजली की चमक और गरज के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। यहां तापमान की बात करें तो 35 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा रहा है। राजधानी दिल्ली दिल्ली की मौजूदा हालत की बात करें तो यमुना का जलस्तर एक बार फिर से मामूली ही सही बढ़ना शुरू हो गया है।
यहां भी जमकर बरसेंगे मेघ
राजधानी दिल्ली सहित जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और गिलगिट बालटिस्तान में अगले 3 -4 दिन भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। वहीं, पंजाब और हरियाणा में भा बारिश दर्ज की जाएगी। वहीं, कोंकण और गुजरात के कच्छ और सौराष्ट्र क्षेत्र में 19 और 20 जुलाई को भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी बारिश का क्रेज देखने को मिल सकता है।