महेंद्र सिंह धोनी एक ऐसा नाम है जो करोड़ों फैंस के दिलों पर राज करता है। इस दिग्गज खिलाड़ी की शख्सियत ऐसी है कि मैदान के बाहर स्टेडियम में मैच देख रहे प्रशंसक और मैदान में मौजूद दोनों टीमों के खिलाड़ी माही का सम्मान करते हैं। लोगों के बीच उनकी दीवानगी देखते ही बनती है। लेकिन, कयास ऐसे लगाए जा रहे हैं कि इस बार का आईपीएल सीज़न ख़त्म होने के बाद माही संन्यास ले लेंगे। इसी वजह से इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में धोनी की सुनामी आ गई है और माही जहाँ भी जाते हैं लोगों का काफिला उनके पीछे चल पड़ता है।
क्या महेंद्र सिंह धोनी लेने वाले हैं रिटायरमेंट?
बहरहाल, अगले सीज़न माही खेलते हुए नज़र आएंगे या नहीं यह तो सिर्फ माही ही जानते हैं। ज़्यादातर क्रिकेट विशेषज्ञों और प्रशंसकों का यह मानना है कि 41 वर्षीय महेंद्र सिंह धोनी यह वाला आईपीएल सीज़न खेलने के बाद क्रिकेट को अलविदा कहने वाले हैं। हालांकि, इसको लेकर चेन्नई की टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आधिकारिक रूप से कुछ भी नहीं कहा है।
अपनी रिटायरमेंट के बारे में कुछ भी ना कहकर माही ने सबको सोचने पर मजबूर कर रखा है। महेंद्र सिंह धोनी से एक मैच के दौरान उनके संन्यास को लेकर सवाल पूछा गया था, लेकिन उन्होंने कहा था कि इसका फैसला आप लोग करेंगे। कुछ दिन पहले धोनी के सबसे करीबी दोस्तों में से एक सुरेश रैना ने भी धोनी के रिटायरमेंट के बारे में बताया था। उन्होंने कहा था कि धोनी ट्रॉफी जीतकर एक और आईपीएल सीज़न खेलने वाले हैं।
लेकिन, इसी बीच महेंद्र सिंह धोनी को लेकर मोहम्मद कैफ का एक बड़ा बयान सामने आया है। मोहम्मद कैफ ने दावा करते हुए यह कहा है कि महेंद्र सिंह धोनी का यह अंतिम सीज़न है और अगले आईपीएल सीज़न से वह मैदान पर खेलते हुए नज़र नहीं आएंगे। कैफ के इस बयान के बाद ज़बरदस्त हलचल मच गई है।