नई दिल्ली। देश के कुछ राज्यों में इस समय झुलसाने वाली गर्मी (Weather Updates) और तेज लू का प्रकोप जारी है। भीषण गर्मी की वजह से लोगों का जीना बेहाल हो गया है। दिन के समय में गर्मी को देखते हुए लोगों को घर से बाहर निकलने का मन नहीं कर रहा है।
वहीं, दूसरी तरफ उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बारिश (MD Rainfall) का सिलसिला अभी भी जारी है। बारिश, आंधी और बर्फबारी को लेकर देश के कई राज्यों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। दिल्ली में इस समय भयंकर गर्मी पड़ रही है, सुबह से ही तेज धूप लोगों को परेशान करना शुरू कर दे रही है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 23 अप्रैल को पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा और उत्तर प्रदेश में लू लोगों को परेशान कर सकती है। इसके अलावा 23 और 24 अप्रैल को पूर्वोत्तर भारत में अलग – अलग जगहों पर गरज और चमक के साथ ही बारिश देखने को मिल सकती है।
इन राज्यों में बारिश की चेतवानी
मौसम विभाग की मानें तो असम और मेघालय, केरल और माहे में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। इसके अलावा पंजाब, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल बिहार, झारखंड, ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर गरज और बिजली के साथ ही वर्षा दर्ज की जा सकती है। 28 अप्रैल तक अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ ही बर्फबारी, तूफान, बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा राज्यों में भी बारिश को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 24 अप्रैल तक पश्चिम बंगाल में भी ऐसा ही मौसम देखने को मिल सकता है। इसके अलावा ओडिशा और झारखंड में आज यानी 23 अप्रैल को छिटपुट गरज, बिजली और तेज़ हवाओं के साथ हल्की बारिश की आशंका जताई गई है।
महाराष्ट्र राज्य में 24 अप्रैल तक गरज, बिजली और तेज़ हवाओं के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। 25 और 26 अप्रैल को आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में ऐसा ही मौसम रहने वाला है।
इन जगहों पर चलेगी भयंकर लू
मौसम विभाग के मुताबिक, गंगीय पश्चिम बंगाल के अलग – अलग स्थानों पर तेज लू की स्थिति बने रहने की संभावना है। ओडिशा, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भीषण गर्मी और तेज लू लोगों को परेशान कर सकती है। तेलंगाना, झारखंड, बिहार, मध्य प्रदेश, में तेज हवाएं चल सकती हैं।