एशिया कप में टीम इंडिया के अभियान की शुरुआत 2 सितंबर से होने जा रही है। पहले मुकाबले में भारत की टक्कर पाकिस्तान की टीम के साथ है। भारत के अभियान की शुरुआत होने से पहले ही एशिया कप 2023 में हिस्सा ले रही विरोधी टीमों की हालत टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा के रिकॉर्डस ने खराब कर रखी है। बतौर कप्तान और बल्लेबाज स्टार खिलाड़ी रोहित शर्मा का रिकॉर्ड एशिया कप में शानदार रहा है।
रोहित का शानदार रिकॉर्ड
साल 2018 में एशिया कप वनडे प्रारूप में खेला गया था। उस वक़्त विराट कोहली की जगह पर रोहित शर्मा ने भारतीय टीम की कप्तानी का जिम्मा संभाला था। एशिया कप के वनडे प्रारूप में रोहित शर्मा की कप्तानी का रिकॉर्ड 100 फीसदी है। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत की टीम सभी 5 मुकाबले जीतकर चैंपियन बनी थी। 5 साल बाद एक बार फिर से रोहित शर्मा टीम इंडिया के कप्तान बनकर एशिया कप में जलवा बिखेरने के लिए तैयार हैं।
बल्लेबाज के तौर पर भी रोहित शर्मा की गिनती एशिया कप के इतिहास के सबसे सफल खिलाड़ियों में होती है। रोहित शर्मा एशिया कप के इतिहास में 5 सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में शुमार हैं। एशिया कप के 22 मुकाबलों की 21 पारियों में रोहित शर्मा ने 741 रन बनाए हैं। उन्होंने एशिया कप में एक शतक और 6 अर्धशतक भी जड़े हैं।
एशिया कप में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड श्रीलंका के दिग्गज बल्लेबाज़ जयसूर्या के नाम दर्ज है। श्रीलंका की टीम के पूर्व कप्तान जयसूर्या ने एशिया कप के इतिहास में सबसे ज्यादा 1220 रन अपने नाम किए हैं। भारत की तरफ से एशिया कप में सबसे ज्यादा 971 रन मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने बनाए हैं। रोहित शर्मा के पास सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को तोड़ने का सुनहरा मौका है।