इंडियन प्रीमियर लीग के सीज़न 16 में महेंद्र सिंह धोनी ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम चेन्नई सुपर किंग्स को 5वीं बार आईपीएल का खिताब दिलाया। हालांकि, इस पूरे आईपीएल सीज़न के दौरान एम एस धोनी अपने घुटने की चोट की वजह से परेशान नज़र आए थे। लेकिन अब माही के फैंस के लिए एक अच्छी खबर सामने आ रही है।
कामयाब हुई घुटने की सर्जरी
दरअसल, एक रिपोर्ट सामने आई है जिसमें यह बताया गया है कि चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी हो गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार एम एस धोनी ने आज मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में अपने घुटने की सर्जरी करवाई है। महेंद्र सिंह धोनी 31 मई को घुटने की जांच करवाने के लिए मुंबई पहुंचे थे।
सामने आई रिपोर्ट में इस बात का भी खुलासा किया गया है कि डॉक्टर दिनशॉ पारदीवाला ने एम एस धोनी का ऑपरेशन किया है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि दिनशॉ पारदीवाला वही डॉक्टर हैं जिन्होंने भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋषभ पंत की भी सर्जरी की थी। महेंद्र सिंह धोनी 31 मार्च के दिन गुजरात टाइटन्स के खिलाफ खेले गए आईपीएल 2023 के पहले मुकाबले में चोटिल हो गए थे। इस मैच में धोनी ने डाइव लगाकर गेंद को रोकने का प्रयास किया था लेकिन इस दौरान वह चोटिल हो गए थे। हालांकि, इसके बावजूद भी महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल सीज़न 16 का एक भी मैच मिस नहीं किया था।
अगर इंडियन प्रीमियर लीग में एम एस धोनी के प्रदर्शन की बात की जाए तो उन्होंने 16 मुकाबले खेले हैं जिसमें से 12 पारियों में बल्लेबाज़ी की है। आईपीएल के इस सीज़न माही ने बड़े-बड़े छक्के लगाकर पुरानी यादें ताज़ा कर दी। 12 पारियों में शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए महेंद्र सिंह धोनी ने 182.40 के स्ट्राइक रेट के साथ 104 रन बनाए।