भारतीय क्रिकेट में एक से एक महान खिलाड़ी आए हैं। मगर केवल दो ही खिलाड़ियों ने टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक जड़ने का रिकॉर्ड बनाया है। आइए जानते हैं इनके बारे में।
भारतीय टेस्ट टीम में केवल दो ही बल्लेबाज तिहरा शतक जड़ने में कामयाब रहे हैं। इसमें भारतीय टीम के विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और करुण नायर का नाम शामिल है। वीरेंद्र सहवाग ने टेस्ट क्रिकेट में दो बार तिहरा शतक लगाया है और वहीं करुण नायर ने टेस्ट क्रिकेट में एक तिहरा शतक लगाया है।
Virendra Sehwag: भारतीय टीम में सबसे पहले वीरेंद्र सहवाग ने साल 2004 में तिहरा शतक लगाया था। उन्होंने यह कारनामा पाकिस्तान टीम के खिलाफ किया था। इस मुकाबले में सहवाग ने 375 गेंदों में 309 रन की पारी खेली थी। इस पारी में उनके बल्ले से 39 चौके और 6 छक्के देखने को मिले थे।
इतना ही नहीं वीरेंद्र सहवाग ने साल 2008 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक बार फिर तिहरा शतक लगाया था। उन्होंने तब अफ्रीकी टीम के खिलाफ 304 गेंदों में 319 रन की दमदार पारी खेली थी, जिसमें 42 चौके के साथ 5 शानदार छक्के भी शामिल थे। सहवाग ने साल 2015 में अंतराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।
Karun Nair: भारतीय टीम की ओर से टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक जड़ने वाले दूसरे बल्लेबाज करुण नायर हैं। जिन्होंने साल 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ तिहरा शतक लगाया था। नायर ने इस मुकाबले में 381 गेंदों में 303 रन बनाए थे, जिसमें 32 चौके और 4 छक्के भी शामिल थे। इस पारी की बदौलत टीम इंडिया ने फर्स्ट इनिंग्स में ही 759 रन बनाकर पारी घोषित कर दी थी। करुण की शानदार पारी के चलते टीम इंडिया ने इंग्लैंड को एक पारी और 75 रनों से हरा दिया था।