टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 चरण में वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के बीच खेला गया मुकाबला कई मायनों में यादगार बन गया। एक तरफ जहां वेस्टइंडीज ने 107 रनों से बड़ी जीत दर्ज कर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया, वहीं दूसरी ओर जिम्बाब्वे की टीम ने हार के बीच भी एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। मैच का परिणाम भले ही एकतरफा रहा हो, लेकिन आखिरी विकेट के लिए हुई रिकॉर्ड साझेदारी ने मुकाबले को खास बना दिया।
10वें विकेट के लिए ऐतिहासिक साझेदारी
जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज रिचर्ड नगरावा और ऑलराउंडर ब्रैड इवांस ने 10वें विकेट के लिए 19 गेंदों में 44 रनों की साझेदारी कर टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में नया कीर्तिमान स्थापित किया। यह टूर्नामेंट के इतिहास में आखिरी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के गुडाकेश मोती और शेरफेन रदरफोर्ड के नाम था, जिन्होंने 37 रन जोड़े थे।
इस साझेदारी में ब्रैड इवांस की भूमिका सबसे अहम रही। उन्होंने 21 गेंदों में दो चौकों और पांच छक्कों की मदद से 43 रन बनाए। उनका आक्रामक अंदाज उस समय देखने को मिला जब टीम पूरी तरह दबाव में थी। हालांकि यह प्रयास टीम को जीत नहीं दिला सका, लेकिन उनकी इस पारी को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
वेस्टइंडीज का विस्फोटक बल्लेबाजी प्रदर्शन
पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में छह विकेट पर 254 रन बनाए, जो टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। शिमरन हेटमायर और रोवमैन पॉवेल ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए शतकीय साझेदारी की।
दोनों बल्लेबाजों ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किया और अंतिम ओवरों में तेजी से रन बटोरे। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी के कारण जिम्बाब्वे की टीम मैच में वापसी का कोई मौका नहीं बना सकी।
107 रन से हारी जिम्बाब्वे
255 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहद खराब रही। मैच में लगतार विकेट गिरते रहे और टीम दबाव से उबर नहीं सकी। 17.4 ओवर में पूरी टीम 147 रन पर सिमट गई। यह हार जिम्बाब्वे के टी20 वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे बड़ी हारों में से एक मानी जा रही है।
वेस्टइंडीज की दूसरी सबसे बड़ी टी20 अंतरराष्ट्रीय जीत
यह जीत वेस्टइंडीज के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दूसरी सबसे बड़ी जीत साबित हुई। इससे पहले उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2024 में युगांडा के खिलाफ 134 रनों से जीत दर्ज की थी, जो उनकी सबसे बड़ी जीत है। इसके अलावा 2024 में ही अफगानिस्तान के खिलाफ 104 रनों से मिली जीत तीसरे स्थान पर है।
जिम्बाब्वे के खिलाफ 107 रनों की जीत ने एक बार फिर वेस्टइंडीज की विस्फोटक बल्लेबाजी और मजबूत टीम साबित किया है। सुपर 8 चरण में इस तरह का प्रदर्शन उन्हें खिताबी दौड़ में मजबूत दावेदार बनाता है।









