नई दिल्लीः भारत ज्यादातर इलाकों में शीतलहर का प्रचंड रूप देखने को मिल रहा है, जिससे लोगों का घरों से निकलना भी दुश्वार हो गया है। गिरते तापमान और कंपकंपाती सर्दी ने हर किसी के सामने बड़ी मुसीबत पैदा कर दी है। हालात इतने बदतर हैं कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित आसपास के इलाकों में लोगों को अलाव जलाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है जिससे हर कोई काफी परेशान है।
बिगड़ती स्थिति को देखते हुए लोग काफी परेशान हैं। पहाड़ी हिस्सों में लगातार बर्फबारी ने हर किसी का जीना हराम कर दिया है, जो लोगों के सामने किसी बड़ी मुसीबत की तरह बना हुआ है। दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में देर रात बारिश होने से लोगों के सामने परेशानी बढ़ गई। इस बीच भारतीय मौसम विभाग(आईएमडी) ने देश के कई इलाकों में गरज के साथ बारिश की चेतावनी जारी कर दी है।
फटाफट जानें दिल्ली के मौसम का हाल
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली शनिवार यानी आज न्यूनतम तापमान 05 डिग्री और अधिकतम तापमान 20 डिग्री दर्ज किए जाने की संभावना है। नई दिल्ली में मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। मौसम विभाग की मानें तो आनेवाले दिनों में नई दिल्ली में तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री और अधिकतम तापमान 18 डिग्री दर्ज किए जाने की संभावना है। यूपी की राजधानी लखनऊ में आज घने से बहुत घना कोहरा देखने को मिल सकता है। दिल्ली से सटे गाजियाबाद की बात करें तो आज यहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।
यहां कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान और उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में सुबह-शाम बहुत घना कोहरा छाए रहने की उम्मीद जताई गई है। उत्तरी मध्य प्रदेश, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। बिहार के तमाम इलाकों और पश्चिमी राजस्थान और पूर्वी राजस्थान में एक या दो स्थानों पर ठंडे दिन की स्थिति रहने की उम्मीद है।
जानिए कहां होगी बारिश
आईएमडी के मुताबिक, भारत के दक्षिण हिस्सों में जगह-जगह बिजली की बारिश होने की संभावना है। केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कई इलाकों में बिजली की चमक और गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। यहां बिजली भी गिरने की आशंका जताई गई है।