नई दिल्लीः राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित आसपास के इलाकों में हवा की गुणवत्ता खराब चल रही है, जिससे हर कोई परेशान है। हिमालयन हिस्सों में बर्फबारी होने से जिंदगी की रफ्तार कांपती नजर आ रही है, जिससे तापमान में काफी गिरावट हो चुकी है।
इसके अलावा उत्तर भारत के कुछ इलाकों में सुबह-सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे वाहन रेंगते दिखाई दिए। देश के दक्षिण इलाकों में बारिश होने से तापमान काफी नीचे खिसक गया। पूर्वोत्तर के कई इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिसके चलते सर्दी का दौर शुरू हो गया है।
जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी हिस्सों में तो तापमान माइनस में चल रहा है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग(आईएमडी) ने देश के कई राज्यों में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी कर दी है।
इन हिस्सों में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
आईएमडी के अनुसार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के राज्यों में ओले पड़ने की चेतावनी जारी कर दी है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी होने की चेतावनी जारी कर दी है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली व एनसीआर में वायु गुणवत्ता लगातार खराब श्रेणी में बनी रहने की संभावना है। आगामी तीन दिन तक राजधानी में प्रदूषण की समस्या और बढ़ने की चेतावनी दी गई है। आपके शहर में हवा का स्तर कितना है, अब आराम से चेक कर सकते हैं। शून्य से 50 तक एक्यूआई अच्छा, 51-100 तक एक्यूआई सतोषजनक, 101-200 तक एक्यूआई मध्यम, 201-300 तक खराब, 301-400 तक बहुत खराब और 401-500 के बीच गंभीर श्रेणी में दर्ज किया जाता है।
इन इलाकों में होगी बारिश
आईएमडी के मुताबिक, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कई जगह घना कोहरा छाया रह सकता है। इसके साथ ही असम और मेघालय और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 12 दिसंबर को सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की उम्मीद है।
आगामी 24 घंटे तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप में मामूली बारिश भी देखने को मिल सकती है। तटीय कर्नाटक और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। जानकारी के लिए बता दें कि उत्तर भारत के कई हिस्सों में आज दिनभर धूप खिली रही। आगामी कुछ दिनों में इन हिस्सों में तापमान में गिरावट होने से और भी सर्दी बढ़ सकती है।