नई दिल्लीः पहाड़ों से लेकर मैदानों तक इन दिनों सर्दी का कहर देखने को मिल रहा है, जिससे हालात लगातार बदतर होते जा रहे हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली व सटे इलाकों में सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे वाहनों से चलने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पहाड़ी इलाकों में घनी बर्फबारी होने से कई मार्ग बंद हो गए, जिससे राहगीर परेशन हुए।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश की पहाड़ियां बर्फबारी से सफेद ही सफेद नजर आ रही हैं। उत्तर प्रदेश और हरियाणा सहित तमाम राज्यों में सर्दी ने जिंदगी की रफ्तार में बाधा डाल दी है, जिसके चलते कई जिलों में स्कूलों की छुट्टियां कर दी गई हैं। भारतीय मौसम विभाग ने देश के तमाम इलाकों में बर्फबारी व बारिश की चेतावनी जारी कर दी है।
- यहां पड़ेगी कड़ाके की सर्दी
आईएमडी के मुताबिक, आने वाले 4-5 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में घना से बहुत घना कोहरा और सर्दी जारी रहने की चेतावनी जारी की गई है। अगले 3 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में शीत लहर की स्थिति जारी रहने और उसके बाद इसकी तीव्रता में कमी आने उम्मीद जताई गई है।
उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 2-6 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। इसके अलावा उत्तर भारत के मैदानी इलाके में धुंध और कोहरे के साथ-साथ बारिश की चेतावनी जारी जारी की गई है।
अगले 24 घंटे के दौरान पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली के कुछ इलाकों में घने कोहरे की स्थिति जारी रहने की संभावना जताई है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली सहित हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में शीतलहर सहित भीषण शीतलहर की स्थिति बरकरार रहने की संभावना बनी हुई है।
आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, अंडमान निकोबार, बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड और बंगाल के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना बनी हुई है। उत्तराखंड, हिमाचल सहित हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में शीतलहर का दौर जारी रहने की संभावना है।