नई दिल्ली। मिशन चंद्रयान-3 बुधवार यानी आज चांद पर कदम रखने को तैयार है। सभी की निगाहें सॉफ्ट लैंडिंग पर हैं। अगर यह सफल होता है तो भारत यह कारनामा करने वाला चौथा देश हो जाएगा। अब इसी बीच पाकिस्तानी सीमा हैदर ने अब चंद्रयान-3 की सफलतापूर्वक लैंडिंग के लिए व्रत रखा है। सीमा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर करते हुए बताया कि वैसे तो मेरी तबियत सही नहीं है, लेकिन मैंने चंद्रयान-3 के लिए व्रत रखा है। सीमा ने बताया जब तक सफलतापूर्वक चांद पर लैंड नहीं कर जाता, तब तक न ही खाऊंगी और न ही कुछ पिऊंगी।
वीडियो में, सीमा कहती हैं कि मेरा स्वास्थ्य अच्छी स्थिति में नहीं है, मैं आज शाम को चंद्रयान -3 की सफल लैंडिंग की आशा के साथ उपवास कर रही हूं। यह उपलब्धि भारत के भविष्य के लिए बड़ी उम्मीदें रखती है। मैं चंद्रयान-3 की विजय के लिए राधे कृष्ण जैसे देवताओं, जिनमें मेरी गहरी आस्था है, के साथ-साथ श्री राम और अन्य सभी पूजनीय देवी-देवताओं की प्रार्थना करती हूं।” इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा की। चंद्र मिशन को अंजाम तक पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका है।
बता दें, चंद्रयान-3 आज शाम को चंद्रमा की सतह पर लैंड करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। चंद्रयान-3 ने सारे देश को एक कर दिया है। मंदिरों में प्रार्थना हो रही है. मस्जिदों में दुआ मांगी जा रही हैं। पूरे देश के लोग चंद्रयान-3 को लेकर उत्साहित हैं।
सोशल मीडिया पर Chandrayaan 3 ट्रेंड कर रहा है। Chandrayaan-3 की सफलता के लिए काशी, हरिद्वार में हवन-पूजा भी किया जा रहा है। देश के कोने-कोने से लोग सफल होने की कामना कर रहे हैं।