Landslide In Raigarh: महाराष्ट्र (Maharashtra) के रायगढ़ (Raigarh) में भारी बारिश के बाद लैंडस्लाइड (Landslide) की वजह से अभी तक 16 लोगों की मौतें हो गई है। खबरों की मानें तो 25 से ज्यादा घर इस लैंडस्लाइड की चपेट में आए हैं। पहाड़ी इलाका होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में NDRF को काफी मुश्किलें भी आ रही हैं। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले की खालापुर तहसील के एक पहाड़ी आदिवासी गांव इरशालवाड़ी में बुधवार रात हुए भारी भूस्खलन की वजह लोगों के बीच मातम का माहौल छाया हुआ है। अभी तक 100 से अधिक लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। जिले में पिछले 48 घंटों से लगातार बारिश हो रही है।
जानकारी देते हुए उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने बताया कि ये घटना बुधवार को रात लगभग 11 बजे हुई है। गांव में कुल 228 लोग रहते हैं, जिनमें से 70 अप्रभावित थे। फिलहाल, घायलों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पीड़ित परिवारों को 5-5 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की। शिंदे ने कहा कि गांव भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की सूची में नहीं है।
रायगढ़ (महाराष्ट्र): इरशालवाड़ी गांव में हुए भूस्खलन से 16 लोगों की मौत और कई घायल हुए हैं। घटनास्थल पर एनडीआरएफ की टीम मौजूद है, बचाव अभियान जारी है। pic.twitter.com/iM5fgqOE12
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 21, 2023
एनडीआरएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी दीपक तिवारी ने कहा -हमें घटना के बारे में देर रात 1.45 बजे फोन आया और हम आधे घंटे के भीतर चले गए। हम सुबह करीब 4 बजे तलहटी में पहुंचे और बचाव अभियान चलाने के लिए पहाड़ी पर चढ़े। भारी बारिश के कारण बचाव कार्य में बाधा आई। एनडीआरएफ की टीमों को मैन्युअल रूप से मलबा खोदना पड़ा। मौसम विभाग की मानें तो आज भी रायगढ़ में भारी बारिश हो सकती है, ऐसे में रेस्क्यू ऑपरेशन में परेशानी आ सकती है। बता दें इस रेस्क्यू ऑपरेशन में हजार रेस्क्यूकर्मी जुटे हुए हैं।