नई दिल्लीः मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी(बीजेपी) को पूर्ण बहुमत मिलता दिख रहा है। राज्य की 230 विधानसभा सीटों के रुझान आ चुके हैं, जो अब नतीजों में तब्दील होने शुरू हो जाएंगे। बीजेपी 157 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस 70 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
अंतिम नतीजों में अभी कुछ बदलाव हो सकता है, लेकिन बीजेपी की सरकार बनना लगभग तय हो गया है। बुधनी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे सीएम शिवराज सिंह चौहान भी आगे चल रहे हैं। अगर इस बार भी शिवराज सिंह चौहान सत्ता पर काबिज हुए तो वे बीजेपी की ओर सीएम के तौर पर सबसे ज्यादा चुने जाने वाले नेता बन जाएंगे। विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान बीजेपी और कांग्रेस की तरफ से एड़ी से चोटी तक जोर लगाए गए थे। खुद पीएम मोदी तो कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी ने मोर्चा थामा था।
इस योजना को दिया जा रहा जीत का श्रेय
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी की शानदार जीत का श्रेय सीएम शिवराज सिंह द्वारा चलाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं का जा रहा है। इसमें सबसे महत्वपूर्ण लाडली बहनाओं को जीत का श्रेय दे रहे हैं।
खंडवा विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार कंचन तनवे के अनुसार, भाजपा को मिल रही सफलता का श्रेय प्रदेश की लाडली बहनाओं को जाता है। उनके मुताबिक भाजपा की सरकार प्रचंड बहुमत से बनना तय है।
इसके साथ ही मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल रीजन की अधिकतर सीटों पर शिवराज सिंह का जादू चलता दिख रहा है। यहां 25 में से 19 सीटों पर बीजेपी के प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। लाडली बहनों के स्नेह और आशीर्वाद की बदौलत ही भाजपा का परचम लहरा रहा है। वहीं, सतना विधानसभा से बीजेपी प्रत्याशी सांसद गणेश सिह लीड बनाए हुए हैं।
जानिए कौन आगे कौन पीछे
जबलपुर की सभी 8 सीटों पर बीजेपी आगे चल रही है, जहां कांग्रेस को बड़ा नुकसान होता दिख रहा है। पाटन विधानसभा से बीजेपी लीड बनाए हुए है। उत्तर मध्यम से बीजेपी, बरगी सीट से बेजी, कैंट सीट बीजेपी, पश्चिम सीट से बीजेपी आगे चल रही है।
पूर्व विधानसभा सीट से कांग्रेस, सीहोरा सीट से बीजेपी आगे चल रही है। वहीं, अब बुधनी सीट से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तीसरे राउंड में भी काफी आगे चल रहे हैं। उनके आसपास अब कोई भी प्रत्याशी नहीं दिखाई दे रहा है।