Weather Update Today, April 24: दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश के चलते लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक देशभर में कम से कम अगले 4 से 5 दिनों तक लू चलने की संभावना नहीं है। तापमान में गिरावट के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक और हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग (MeT) के अनुसार, दिल्ली में सोमवार को बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी भी होने की संभावना है।वहीं दिल्ली में रविवार को मौसम सुहावना रहा।
बिहार की बात करें तो अगले 24 घंटों में बिहार के अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। बिहार के अधिकांश हिस्सों में रविवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। रविवार को दाउदनगर, औरंगाबाद, डेहरी, बक्सर, गया और नालंदा जिलों के कुछ इलाकों से हल्की बारिश हुई। आईएमडी अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार को भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना है।
झारखंड में 26 अप्रैल तक मौसम सुहावना रहने वाला है। राज्य की राजधानी रांची में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.4 डिग्री कम 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जमशेदपुर में सामान्य से 4.6 डिग्री कम 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इन राज्यों में गरज के साथ आफत बनेगी बारिश
आईएमडी के मुताबिक, आगामी तीन दिनों में ओडिशा के तमाम इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा हरियाणा, पूर्वोत्तर राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी गई है। वहीं, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में मामूली बारिश की चेतावनी जारी कर दी गई है। पश्चिमी हिमालय, हरियाणा के कुछ हिस्सों, पंजाब, बिहार, दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश, दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश और दक्षिण भारत में गरज के साथ तेज बारिश की चेतावनी जारी कर दी गई है।