नई दिल्ली। देशभर में इस समय मौसम का मिजाज बहुत ही तेजी से बदलता हुआ नजर आ रहा है। देश के कई राज्यों में अब गुलाबी सर्दी ने दस्तक दे दी है। राजधानी दिल्ली की बात करें तो आज दिवाली के दिन सुबह के समय में काफी सर्दी महसूस हो रही है।
तापमान में भी अचानक से गिरावट दर्ज किया जा रहा है। दिल्ली-एनसीआर में हल्की सर्द हवाएं भी चल रही है, जिसकी वजह से लोगों को काफी ठंड लग रही है। सुबह के समय कोहरे की वजह से वाहन चालकों को गाड़ी चलाने में भी दिक्कत आ रही है।
मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में अभी और सर्दी बढ़ने वाली है। इसके साथ ही शीतलहर और तेज चलेगी। इसके साथ ही साथ ही ठिठुरन भी बढ़ेगी।
देश के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में सर्दी अधिक देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए कर्नाटक के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है।
दक्षिण कन्नड़, उत्तर कन्नड़ और उडुपी के तटीय जिलों में बारिश देखने को मिल सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की मानें तो लक्षद्वीप, केरल और माहे जैसे कुछ हिस्सों में हल्की या मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अगले सात दिनों तक हल्की बारिश हो सकती है।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
राष्ट्रीय राजधानी में सुबह के समय में हल्के कोहरे के साथ आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। शनिवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 27.7 और 13.2 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
पश्चिम बंगाल, सिक्किम में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग की मानें तो कोलकाता में आज यानी रविवार को आसमान साफ रहेगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 30 और 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। सिक्किम और उप हिमालयी पश्चिम बंगाल के सभी जिलों में शुष्क मौसम की संभावना है।
जम्मू और कश्मीर में कैसा रहेगा मौसम?
केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर में आज मौसम शुष्क रहने वाला है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
केरल में मौसम का हाल?
रविवार को केरल में एक या दो स्थानों पर 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, यहां बारिश हो सकती है। 14 और 15 नवंबर को केरल में एक या दो स्थानों पर बिजली चमकने के साथ आंधी की भी संभावना जताई गई है।
हिमाचल प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी शिमला में आज धूप खिली रह सकती है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 19 और 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में सबसे कम तापमान केलांग में -0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।