नई दिल्ली: टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज शुभमन गिल इस वक्त इतिहास रचने के बेहद करीब हैं। बर्मिंघम के मैदान पर अगर आज शुभमन गिल के बल्ले से सिर्फ 36 और रन निकलते हैं, तो वह विराट कोहली का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ देंगे और यहां 150 रन बनाने वाले पहले भारतीय बन जाएंगे।
2018 में विराट कोहली ने इसी मैदान पर सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 149 रन बनाए थे। अब गिल 114 रन की नाबाद पारी खेल रहे हैं और उनकी नजरें इस रिकॉर्ड को अपने नाम करने पर टिकी हैं।
बर्मिंघम टेस्ट में शुभमन गिल की धाकड़ बल्लेबाजी
भारतीय टीम ने टॉस हारकर पहले बैटिंग की शुरुआत की थी। पहले दिन टीम इंडिया ने 5 विकेट के नुकसान पर 310 रन बनाए। इस स्कोर को मजबूत बनाने में शुभमन गिल का योगदान सबसे खास रहा है। उन्होंने इस सीरीज में लगातार दूसरे शतक की चमक बिखेरी है।
गिल के साथ-साथ हरफनमौला रवींद्र जडेजा भी 41 रन बनाकर खेल रहे हैं। अगर टीम पहली पारी में 500 रन का आंकड़ा छूना चाहती है तो गिल को अपने शतक को दोगुना करना होगा और जडेजा को भी बड़ा योगदान देना होगा।
बर्मिंघम के मैदान पर भारतीय खिलाड़ियों की बड़ी पारियां
बर्मिंघम में अब तक पांच भारतीय बल्लेबाजों ने शतक जड़ा है, लेकिन सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम दर्ज है।
विराट कोहली – 149
ऋषभ पंत – 146
सचिन तेंदुलकर – 122
शुभमन गिल – 114*
रवींद्र जडेजा – 104
गिल इस लिस्ट में सबसे ऊपर पहुंचने वाले हैं, जो उनके शानदार फॉर्म का संकेत है।
भारत के लिए बर्मिंघम में जीत की उम्मीदें
बर्मिंघम के मैदान पर भारत ने अभी तक कोई टेस्ट मैच नहीं जीता है, लेकिन शुभमन गिल और बाकी बल्लेबाजों की जोश भरी बल्लेबाजी से उम्मीदें बढ़ रही हैं।
पिछले मैचों में भी भारत ने यहां अच्छी पारियां खेलीं, जैसे 2022 में पहली पारी में 416 रन बनाए थे, लेकिन हार का सामना करना पड़ा। इसलिए इस बार टीम 500 से नीचे का स्कोर बिल्कुल भी नहीं सोच रही।
शुभमन गिल की बल्लेबाजी ने टीम इंडिया को मजबूती दी है और अगर वे आज 150 रन के पार जाते हैं तो न सिर्फ कोहली का रिकॉर्ड टूटेगा बल्कि वे बर्मिंघम के मैदान पर सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय बन जाएंगे। भारतीय क्रिकेट प्रेमी इस खिलाड़ी से बड़ी उम्मीदें लगाए हुए हैं।










