महेंद्र सिंह धोनी की कुछ ऐसी शख्सियत है कि हर कोई उनका दीवाना बन जाता है। ख़ासकर इंडियन प्रीमियर लीग के इस सीज़न तो एम एस धोनी की एक लहर देखने को मिली। माही जहाँ भी जाते थे हज़ारों लोगों का काफिला उनके पीछे-पीछे चल पड़ता था। महेंद्र सिंह धोनी की सबसे ख़ास बात यही है कि वह सफलता को कभी भी अपने ऊपर हावी नहीं होने देते हैं और हर किसी के लिए समान भावना रखते हैं। आईपीएल 2023 के फाइनल मुकाबले के बाद भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला।
ग्राउंड स्टाफ को लगाया गले
महेंद्र सिंह धोनी की दीवानगी किसी विशेष वर्ग, किसी स्टेडियम या किसी जगह तक सीमित नहीं है, बल्कि करोड़ों लोगों के दिल की धड़कन माही की लोकप्रियता हर सीमा को पार कर चुकी है। यही कारण है कि जैसे ही उनके प्रशंसकों को इस बात की भनक लगी कि महेंद्र सिंह धोनी का यह आख़िरी आईपीएल सीज़न हो सकता है तो उन्होंने देश और विदेश की सभी दूरियों को नज़रअंदाज़ कर दिया और हर स्टेडियम में अपने हीरो माही को देखने के लिए पहुंचने लगे।
वहीं दूसरी तरफ महेंद्र सिंह धोनी ने भी अपने प्रशंसकों को निराश नहीं किया और 5वीं बार चेन्नई सुपर किंग्स को खिताब दिला दिया। मैच खत्म होने के बाद एम एस धोनी ने कुछ ऐसा कर दिया जिसकी वजह से उनका वीडियो सोशल मीडिया पर मशहूर हो रहा है।
दरअसल, जीत के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के सभी खिलाड़ी जश्न मना रहे थे तो वहीं दूसरी तरफ एम एस धोनी ग्राउंड स्टाफ के साथ दिखाई दे रहे थे। मैच जीतने के बाद महेन्द्र सिंह धोनी ग्राउंड स्टाफ के बीच पहुंच गए जो पिछले कुछ दिनों से बारिश के पानी को सुखाने में लगातार मेहनत कर रहे थे। सभी ने धोनी को घेर लिया और माही ने सबके साथ तस्वीर भी खिंचवाई। इस वाकये के बाद हर कोई महेंद्र सिंह धोनी की तारीफ कर रहा है।