टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की फैन फॉलोविंग बड़े-बड़े सितारों को मात देती है। इंडियन प्रीमियर लीग के 16वें सीज़न भी कुछ ऐसे ही नज़ारे देखने को मिले थे। चेन्नई में 10 जुलाई को एम एस धोनी ने अपने प्रोडक्शन हाउस की पहली फिल्म लेट्स गेट मैरिड का ऑडियो और ट्रेलर लॉन्च किया, जोकि तमिल भाषा में है। इस दौरान माही ने कई सवालों के जवाब भी दिए और साथ ही यह भी बताया कि चेन्नई से उनका रिश्ता इतना ख़ास क्यों है।
चेन्नई से है ख़ास रिश्ता
इंडियन प्रीमियर लीग का पहला सीज़न साल 2008 में खेला गया था और उसी सीज़न चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने महेंद्र सिंह धोनी को अपने दल में शामिल कर लिया था। इसके बाद चेन्नई और धोनी के बीच एक ऐसा रिश्ता कायम हुआ जो लगातार मज़बूत होता चला गया।
इसी को लेकर धोनी ने बताया है कि चेन्नई से उनका रिश्ता इतना ख़ास क्यों रहा है। अपनी फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के मौक़े पर एम एस धोनी ने तमिलनाडु के बारे में बात करते हुए चेन्नई से अपने ख़ास रिश्ते का ज़िक्र किया। धोनी ने बताया कि उन्होंने अपना टेस्ट डेब्यू यहीं पर किया था। वहीं, टेस्ट फॉर्मेट में उनका सर्वाधिक स्कोर चेन्नई में ही आया था और अब उनके प्रोडक्शन हाउस की पहली फिल्म भी तमिल में ही आ रही है। इसके आगे उन्होंने कहा कि चेन्नई उनके लिए बेहद ख़ास है, जहां उन्हें बहुत पहले ही गोद ले लिया गया था।
हाल ही में महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी टीम चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल में 5वीं बार खिताब दिलाया था। इसी के साथ धोनी की अगुवाई वाली चेन्नई सुपर किंग्स मुंबई इंडियंस के साथ-साथ सबसे ज़्यादा आईपीएल खिताब जीतने वाली टीम बन चुकी है। दोनों ही टीमों के पास 5-5 आईपीएल ट्रॉफियां हैं। महेन्द्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने इंडियन प्रीमियर लीग के इस पूरे सीज़न अपना दबदबा कायम रखा था।