G20 Summit India: G20 शिखर सम्मेलन अगले 24 घंटों में शुरू होने के लिए पूरी तरह तैयार है। राजधानी दिल्ली के प्रगति मैदान में 9 और 10 सितंबर को होने वाले जी-20 समिट की तैयारियां पूरी हो गई है। नई दिल्ली को काफी खूबसूरत तरीके से सजाया गया है। चारों तरफ तिरंगे रंग में लगी लाइटिंग से पूरा शहर जगमगा रहा है। समारोह स्थल के पास शिवलिंग के आकार के कई फुहावरे भी लगाए गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन, ब्रिटेन के प्रधान मंत्री ऋषि सुनक और अन्य प्रतिनिधि जैसे विश्व नेता शुक्रवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। शहर में आज (8 सितंबर) से लेकर 10 सितंबर तक आम जनता और पर्यटकों को इधर – उधर अधिक घूमने की अनुमति नहीं मिलेगी।
प्रगति मैदान में स्थित जी20 शिखर सम्मेलन के आयोजन स्थल भारत मंडपम के सामने नटराज की एक विशाल मूर्ति स्थापित की गई है। सुरक्षा को देखते हुए आज रात 12 बजे से 10 सितंबर की रात 12 बजे तक कई तरह की पाबंदियां भी सरकार की तरफ से लगाई गई है। स्कूल-कॉलेज और सरकारी-गैर सरकारी दफ्तरों को भी बंद करने का आदेश दे दिया गया है। ऐसे में लोगों में यह भ्रम है कि इस दौरान लॉकडाउन जैसे हालात रहेंगे और सबकुछ बंद कर दिया जायेगा। तो आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ऐसा कुछ भी नहीं होने वाले है। दिल्ली पुलिस द्वारा लगाई गई पाबंदियां दिल्ली के एक छोटे से हिस्से में लागू होगी, बाकी दिल्ली सामान्य रूप से चलती रहेगी।
NDMC के एक हिस्से में पाबंदियां
लोगों के भ्रम को दूर करते हुए दिल्ली पुलिस ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करके बताया है कि जी-20 सम्मेलन के दौरान लगाई गई पाबंदियां एनडीएमसी के एक छोटे से हिस्से के अंदर ही लागू की जाएगी। दिल्ली के बाकी इलाके सामान्य रूप से खुले रहेंगे। आपको डरने की कोई बात नहीं है। यातायात भी पहले की तरह सामान्य रहेंगे,सिर्फ और सिर्फ नई दिल्ली इलाके में बसों और भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जायेगा। जबकि, इंडिया गेट और कर्तव्य पथ पर सैर-सपाटे और साइकलिंग करने पर पाबन्दी लगायी गई है।
https://twitter.com/DelhiPolice/status/1698943422135210468?s=20
खुला रहेगा सभी मेट्रो स्टेशन
वहीं मेट्रो सेवाएं की बात करें तो केवल सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन को बंद रखने का आदेश दिया गया गया है, बाकि हर मेट्रो स्टेशन पर निर्धारित समय पर मेट्रो की सेवाएं जारी रहेगी। DMRC ने स्पष्ट करते हुए बताया कि 9 और 10 सितंबर को जी-20 समिट के दौरान सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन को बंद रखा जायेगा। जबकि बाकी सभी मेट्रो स्टेशन पर खुले रहेंगे।
जी20 शिखर सम्मेलन के कारण रजोकरी सीमा से दिल्ली में बसों की आवाजाही 10 सितंबर तक बंद कर दी गई है। अंतरराज्यीय बसों को दिल्ली की अन्य सीमाओं से प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।
दिल्ली में मालवाहक वाहनों की एंट्री बंद
G20 शिखर सम्मेलन 2023 के मद्देनजर सीमाओं के पार से दिल्ली में माल वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया है। केवल दूध, सब्जियां, फल, चिकित्सा आपूर्ति आदि जैसी आवश्यक वस्तुओं को ले जाने वाले वाहनों को ही अनुमति मिलेगी।